सोहराब आलम, मोतिहारी। मुंबई में रहकर नौकरी कर रहे सौरभ मिश्रा की मामले ने अलग मोड़ ले लिया है। युवक के परिजनों ने अब पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि सौरभ को व्हाट्सएप ग्रुप कॉल के ज़रिए लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था, जिससे वह लंबे समय से तनाव में था। इसी मानसिक दबाव के चलते उसकी मौत हो गई। यह आरोप सौरभ के पिता राजू मिश्रा ने लगाए हैं।
बता दें कि सौरभ मिश्रा मूल रूप से मोतिहारी जिले के सुगौली थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मपुर गांव का रहने वाला था। उसके पिता राजू मिश्रा ने बताया कि, सौरभ का जन्म और शिक्षा नवी मुंबई में ही हुआ था। उसने पहले इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और बाद में 2013 से 2015 के बीच एमबीए किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह हीरो कंपनी में कार्यरत था और मुंबई में रहकर नौकरी कर रहा था।
राजू मिश्रा के अनुसार, सौरभ की शादी 16 अप्रैल 2021 को मोतिहारी के पताही थाना क्षेत्र के पदुमकेर निवासी देव कृष्ण झा की बेटी पूजा से हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद से ही दांपत्य जीवन में तनाव शुरू हो गया। आरोप है कि पत्नी पूजा अधिक समय तक सौरभ के साथ नहीं रहती थी और बार-बार मायके चली जाती थी। बाद में पत्नी और उसके परिजन सौरभ पर दबाव बनाने लगे।
परिजनों का आरोप है कि पूजा, उसके माता-पिता और दोनों भाई मिलकर व्हाट्सएप ग्रुप कॉल के माध्यम से सौरभ को धमकाते और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उसे बार-बार बर्बाद करने की धमकी दी जाती थी। इसी बीच पूजा की ओर से पटना के रूपसपुर थाने में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया गया, जिसके कारण सौरभ को कई बार मुंबई से पटना आना-जाना पड़ा। कोर्ट के आदेश पर वह नियमित रूप से भरण-पोषण की राशि भी दे रहा था।
सौरभ के पिता ने बताया कि, 1 फरवरी को वे गांव से मुंबई लौट रहे थे। उस दिन शाम और रात में सौरभ से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद संपर्क नहीं हो पाया। बाद में परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली। पुलिस को सूचना दी गई और जांच के दौरान एक सुसाइड नोट मिलने की बात कही गई है, जिसमें पूरे घटनाक्रम का उल्लेख बताया जा रहा है।
इधर, सौरभ की दादी जयकला देवी और चाचा पप्पू मिश्रा ने भी न्याय की मांग की है। दादी ने कानून में बदलाव की मांग करते हुए कहा कि उनके पोते के साथ अन्याय हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Bihar Crime: रोहतास में नाच देखने के दौरान एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, स्टेज पर चढ़ने को लेकर हुआ था विवादछत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


