CG Weather Update : रायपुर. छत्तीसगढ़ का मौसम इस वक्त पूरी तरह से शुष्क बना हुआ है. सुबह और रात के वक्त हल्की ठंड का अहसास जारी है. कई हिस्सों में आगामी दिनों में कोई बड़े बदलाव नहीं होने की संभावना है. हालांकि 4 दिन बाद न्यूनतम तापमान बढ़ सकता है यानी रात के वक्त ठंडी हवा गायब हो सकती है. 

CG Weather Update

पिछले 24 घंटों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहा. इस दौरान किसी भी क्षेत्र में बारिश नहीं दर्ज की गई. वहीं सबसे अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा राजनांदगांव में 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान सबसे कम अंबिकापुर में 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है. 

4 डिग्री बढ़ेगा तापमान 

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने जानकारी दी कि एक पश्चिमी विक्षोभ 55 डिग्री पूर्व और 21 डिग्री उत्तर में स्थित है. यह 9 फरवरी को उत्तर पश्चिम भारतीय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है. प्रदेश में न्यूनतम तापमान में अगले दो दिनों में 2 से 4 डिग्री तक वृद्धि होने की संभावना है. उसके बाद न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट के साथ कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. इस अवधि में प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम ?

राजधानी रायपुर में आज धुंध छाए रहने के आसार हैं. लोगों को दिन में 30 डिग्री सेल्सियस की गर्मी परेशान कर सकती है. वहीं रात के वक्त 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान दर्ज किया जा सकता है.