भोजपुर। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। गुरुवार देर रात गजराजगंज फ्लाई ओवर ब्रिज के पास बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक सब्जी विक्रेता को निशाना बनाया। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने अधेड़ व्यक्ति के पैर में गोली मार दी और फरार हो गए।

​दुकान बंद कर ससुराल जा रहे थे शौकत

​घायल की पहचान बक्सर जिले के रघुनाथपुर निवासी 50 वर्षीय शौकत अली के रूप में हुई है। शौकत आरा में अपनी सब्जी की दुकान चलाते हैं। घटना के समय वह दुकान बढ़ाकर अपने ससुराल कारीसाथ गांव जा रहे थे। जैसे ही वह गजराजगंज फ्लाई ओवर के पास पहुंचे, एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

​मारपीट के बाद दागी गोली

​शौकत अली ने बताया कि बदमाशों ने उन्हें घेरते ही ‘मारो-मारो’ चिल्लाना शुरू कर दिया। पहले उनके साथ जमकर मारपीट की गई और जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया या भागने की कोशिश की, तो बदमाशों ने गोली चला दी। गोली शौकत के दाहिने पैर में लगी। लहूलुहान हालत में उन्होंने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच

​घटना की सूचना मिलते ही गजराजगंज ओपी इंचार्ज चंचल महथा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि पीड़ित पैदल जा रहे थे, तभी यह हमला हुआ। फिलहाल गोली मारने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, लेकिन पीड़ित ने लूटपाट की कोशिश की बात कही है। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।