पटना। बिहार में कुदरत के दो रंग एक साथ देखने को मिल रहे हैं। दिन की चिलचिलाती धूप अब पसीने छुड़ाने लगी है, जबकि रातें अभी भी गुलाबी ठंड का अहसास करा रही हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के कई जिलों में पारा 30°C के पार जा चुका है, जो इस बात का स्पष्ट संकेत है कि गर्मी ने दस्तक दे दी है।
दक्षिण बिहार में गर्मी का टॉर्चर शुरू
बिहार के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्से सबसे अधिक तप रहे हैं। कैमूर 31.6°C के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। इसके बाद राजगीर (नालंदा) में 30.9°C और शेखपुरा में 30.1°C तापमान दर्ज किया गया। डेहरी और फारबिसगंज में भी पारा 30°C के ऊपर बना हुआ है। करीब 15 जिलों में तापमान 29°C से 30°C के बीच है, जिससे दोपहर के वक्त लू जैसा अहसास होने लगा है।
दिन-रात के तापमान में बड़ा फासला
दिलचस्प बात यह है कि जहां दिन का तापमान बढ़ रहा है, वहीं कई इलाकों में रात का पारा अभी भी 15°C से नीचे बना हुआ है। मधुबनी और पूर्णिया जैसे जिलों में दिन और रात के तापमान में भारी अंतर देखा जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर पछुआ हवाएं जारी रहीं, तो होली से पहले ही गर्मी अपना रौद्र रूप दिखा सकती है।
सेहत को लेकर रहें सावधान
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, मौसम का यह उतार-चढ़ाव सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। दोपहर की गर्मी और सुबह-शाम की ठंड की वजह से सर्दी-जुकाम और वायरल एलर्जी का खतरा बढ़ गया है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि लोग सुबह हल्के गर्म कपड़े पहनें और दिन में खुद को हाइड्रेटेड रखें।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


