अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. शनिवार दोपहर सड़क हादसे में साइकिल सवार अधेड़ की जान चली गई. हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लाश का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजा. पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुट गई है.

इसे भी पढ़ें- UP में ‘बेशर्म’ सरकार,’निकम्मा’ सिस्टम! घर में घुसकर 6 साल की बच्ची से रेप, कानून का बंटाधार, मुखिया सुरक्षा के झूठे दावे गढ़ने में मस्त?

बता दें कि घटना बबुरी थाना क्षेत्र के मुगलसराय–चकिया मार्ग पर चरमोरवा गांव के पास उस वक्त घटी, जब 61 वर्षीय दशरथ बिंद निवासी बसंतपुर गाधी, थाना जमालपुर, जिला मिर्जापुर साइकिल से बाजार सीमेंट लेने जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह अनियंत्रित होकर डंपर के नीचे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने घायल दशरथ बिंद को तत्काल नियमताबाद स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.

इसे भी पढ़ें- UP सरकार सो रही, जनता रो रही! निजी स्कूलों में ‘री-एडमिशन’ फीस के नाम पर लूट, तनाव में अभिभावक, कब जागेंगे जिम्मेदार?

वहीं हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलते ही बबुरी थाना के प्रभारी विनोद मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है. थाना प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है. फरार चालक की तलाश की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.