पवन राय, मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले से जहां बच्चा चोर की अफवाह ने एक बार फिर निर्दोष की जान जोखिम में डाल दी। बिछिया थाना क्षेत्र के बरखेड़ा गांव में 26 फरवरी को एक अज्ञात नाबालिग लड़के को बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने बेरहमी से पीटा। वीडियो में साफ दिख रहा है कि भीड़ ने उसे बाल पकड़कर जमीन पर पटका, हाथ-पैर बांधे और डंडों से मारपीट की। पीड़ित मानसिक रूप से अस्वस्थ था और छत्तीसगढ़ का निवासी बताया जा रहा है।

READ MORE: MP में मॉब लिंचिंग: बच्चा चोरी के शक में नाबलिग से क्रूरता, अस्पताल में भर्ती होने के बाद मिली लाश

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। बरखेड़ा सरपंच की शिकायत पर बिछिया पुलिस ने तीन आरोपियों—रामदयाल उइके, मदन उइके उर्फ पोचा और कमल उइके की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इन पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

मंडला के पुलिस अधीक्षक ने साफ संदेश दिया है- अफवाहों पर भरोसा न करें, किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने को सूचना दें। कानून अपने हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। ऐसी घटनाएं समाज में भय पैदा करती हैं और निर्दोषों की जान ले सकती हैं।