सत्या राजपूत, रायपुर। लल्लूराम डॉट कॉम की खबर का एक बार फिर बड़ा असर हुआ है। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर में जेम पोर्टल के माध्यम से की गई सामग्रियों की खरीद में कथित गड़बड़ी और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में उच्च शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विश्वविद्यालय की क्रय समिति के छह सदस्यों को “कारण बताओ” नोटिस जारी किया है।

लल्लूराम डॉट कॉम ने जेम पोर्टल से खरीदी में गड़बड़ी को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद उच्च शिक्षा विभाग ने मामले को संज्ञान में लेकर यह कार्रवाई की है।

उच्च शिक्षा विभाग के अवर सचिव फाबिओला बड़ा ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि समिति के 6 सदस्य डॉ. एच.एस. होता (विभागाध्यक्ष, कंप्यूटर साइंस), डॉ. डी.एस.वी. जी. कलाधर (विभागाध्यक्ष, माइक्रोबायोलॉजी), यशवंत कुमार पटेल (विभागाध्यक्ष, फ़ूड प्रोसेसिंग), अलेक्जेंडर कुजूर (वित्त अधिकारी, विश्वविद्यालय), और पूजा पांडे (सहायक प्राध्यापक, वाणिज्य) की भूमिका जांच रिपोर्ट में संदिग्ध पाई गई है।

नोटिस में तीन दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा गया है। यदि जवाब नहीं दिया गया तो विभाग एकपक्षीय कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगा। नोटिस में यह भी कहा गया है कि इस मामले में कर्मचारियों की एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकी जा सकती है।

देखें नोटिस

गौरतलब है कि यह कार्रवाई अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में जेम पोर्टल के माध्यम से की गई खरीद में भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं की जांच के बाद की गई है। जांच में यह बात सामने आई थी कि क्रय समिति के छह सदस्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 का उल्लंघन कर रहे हैं। उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी। इससे पहले विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को भी निलंबित किया जा चुका है। विश्वविद्यालय प्रशासन में इस नोटिस के बाद हड़कंप मचा हुआ है और मामले की निगरानी उच्च शिक्षा मंत्रालय स्वयं कर रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H