केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार 7 मार्च को हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम ‘जन-जन की सरकार : चार साल बेमिसाल’ में प्रतिभाग करेंगे. इस कार्यक्रम को लेकर शासन-प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं. अमित शाह के स्वागत के लिए कार्यक्रम स्थल बैरागी कैंप के साथ ही हरिद्वार शहर को सजाया-संवारा जा रहा है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हरिद्वार का भ्रमण कर इस विराट आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को कुछ आवश्यक निर्देश भी दिए.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैरागी कैंप पहुंचकर प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने जनसभा स्थल, मंच, प्रदर्शनी क्षेत्र, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सुव्यवस्थित और सुचारु आयोजन के लिए सभी तैयारियों का वरिष्ठ अधिकारी भलीभांति परीक्षण कर लें. उन्होंने आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए.

इसे भी पढ़ें : UPSC में 69वीं रैंक हासिल करने वाले अनुज पंत को सीएम धामी ने दी बधाई, कहा पूरे उत्तराखंड का बढ़ाया मान

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को हरिद्वार के बैरागी कैंप में राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे. साथ ही वे राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी तथा नई न्याय संहिताओं पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे. इस अवसर पर शाह राज्य के विकास से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे.