रायबरेली। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने रायबरेली प्रवास के दौरान सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने गौ रक्षा के मुद्दे और संस्कृत विद्यालयों के बटुकों के अपमान को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि सरकार गौ रक्षा की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।

फर्जी मुकदमे दर्ज कर आवाज दबाई जा रही

रायबरेली में यश पांडे के आवास पर प्रवास के दौरान शंकराचार्य ने कहा कि वर्तमान सरकार केवल दावे करती है, लेकिन जमीन पर गौ रक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गौ हत्या के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर उनकी आवाज दबाई जा रही है।

बटुकों के अपमान का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा और कहा कि खुद को हिंदू पार्टी कहने वाली भाजपा के शासन में भी बटुकों का अपमान हो रहा है, लेकिन दोषियों पर कार्रवाई नहीं हो रही।

READ MORE: बांके बिहारी मंदिर में दर्शन को लेकर विवाद, सिक्योरिटी गार्ड्स और श्रद्धालु के बीच हाथापाई, VIDEO वायरल

सीएम योगी पर साधा निशाना

शंकराचार्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी गई 40 दिन की मियाद का भी जिक्र करते हुए कहा कि यह समय यह साबित करने के लिए था कि वे असली हिंदू हैं या नहीं, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि धर्म की रक्षा केवल नारों से नहीं, बल्कि गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने जैसे ठोस फैसलों से होगी।

शंकराचार्य के बयान से राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। मौके पर सीओ सिटी अरुण नौहार, सदर कोतवाल शिवशंकर सिंह और मिल एरिया थाना प्रभारी बिंद विनय सहित पुलिस बल तैनात रहा।