CG Morning News : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सबसे पहले बलरामपुर जिले के किशन रोड स्थित वार्ड क्रमांक 12 जाएंगे, जहां स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे बलरामपुर से महासमुंद के लिए रवाना होंगे। महासमुंद में मुख्यमंत्री साय प्रसिद्ध होला महल्ला कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं रात करीब 9.30 बजे वे रायपुर स्थित होटल मेफेयर रिसोर्ट में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रात 10.30 बजे अपने निवास लौट आएंगे।

कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़ तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा

रायपुर। कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़ आज तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वे रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग का दौरा करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार विजय जांगिड़ आज बिलासपुर पहुंचकर कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करेंगे, जिसमें विधानसभा घेराव की तैयारियों को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके बाद 16 मार्च को वे जगदलपुर का दौरा करेंगे। दौरे के अंतिम दिन 17 मार्च को विजय जांगिड़ रायपुर में प्रस्तावित कांग्रेस के विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ महतारी अलंकरण समारोह का आयोजन

रायपुर। नवसृजन मंच द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 15 मार्च को छत्तीसगढ़ महतारी अलंकरण सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। वृंदावन हॉल में शाम 5 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 51 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 11 महिला स्वसहायता समूहों को महतारी गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। शिक्षा, खेल, चिकित्सा, पत्रकारिता, पुलिस सेवा, उद्यमिता और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों से सैकड़ों प्रविष्टियों में से चयन समिति ने सम्मान के लिए नाम तय किए हैं।

कर्मा जयंती व आदर्श सामूहिक विवाह का आयोजन

रायपुर। संत माता कर्मा आश्रम समिति रायपुर की ओर से आज कर्मा जयंती के अवसर पर आदर्श सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम टिकरापारा स्थित भामाशाह छात्रावास परिसर में सुबह 10.30 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम में समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। आयोजन के दौरान सामाजिक एकता और परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

सर्व ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन

रायपुर। वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन छत्तीसगढ़ एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद द्वारा रविवार को सर्व ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन सुबह 10 बजे से श्री दूधाधारी सत्संग भवन, मठपारा में आयोजित होगा। प्रदेश अध्यक्ष अरविंद ओझा ने बताया कि कार्यक्रम के लिए अब तक 200 से ज्यादा पंजीयन प्राप्त हो चुके हैं व यह क्रम कार्यक्रम दिनांक तक चलता रहेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, महंत डॉ. रामसुंदर दास सहित अन्य लोग मौजूद रहेंगे।

चित्रकार विजय वरठे की एकल चित्रकला प्रदर्शनी

रायपुर। चित्रकार विजय वरठे की एकल चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। यह प्रदर्शनी घड़ी चौक के समीप संस्कृति विभाग परिसर स्थित आर्ट गैलेरी में शाम 4 बजे से शुरू होगी।

सिंधी सेवा महापंचायत का चंड्र जी रात कार्यक्रम का आयोजन

रायपुर। पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत द्वारा रविवार को बीटीआई ग्राउंड में ‘चंडू जी रात’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सिंधी संस्कृति, परंपरा और सिंधु घाटी सभ्यता की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। महापंचायत के अध्यक्ष अमर गिदवानी ने बताया कि पिछले 17 वर्षों से यह कार्यक्रम बीटीआइ मैदान में आयोजित होता आ रहा है और हर वर्ष इसमें हजारों लोग शामिल होते हैं। संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी और सतीश थौरानी ने कहा कि संत सानिध्य में होने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई जनप्रतिनिधि समाज को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। महिला अध्यक्ष भावना कुकरेजा और राशि बलवानी ने बताया कि यह आयोजन विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं को समर्पित रहेगा।

17 मार्च को कांग्रेस का विधानसभा घेराव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस 17 मार्च को विधानसभा का घेराव करेगी। पार्टी की ओर से “मनरेगा बचाओ संग्राम” सहित कई जनहित के मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की गई है। इस दौरान कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे शंकर नगर स्थित भारत माता चौक से विधानसभा की ओर कूच करेंगे। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे। साथ ही प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट भी घेराव कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। कांग्रेस के इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।