पवन राय, मंडला। एमपी की मंडला पुलिस ने नेशनल हाईवे पर लंबे समय से चल रही डीजल चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 360 लीटर चोरी का डीजल और एक कार जब्त की है। खास बात यह है कि पकड़े गए आरोपियों में कुछ ऐसे भी हैं जो पहले भी इसी मामले में जेल जा चुके थे। जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से वारदात को अंजाम दिया।
मंडला एसपी रजत सकलेचा ने जानकारी देते हुए बताया कि नेशनल हाईवे, जो जबलपुर से रायपुर की ओर जाता है, उस मार्ग पर पिछले काफी समय से ट्रकों और डंपरों से डीजल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस को सूचना मिल रही थी कि एक संगठित गिरोह रात के समय हाईवे पर खड़े वाहनों को निशाना बनाकर उनका डीजल निकाल लेता था और उसे कम कीमत पर बेच देता था।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चार संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र में सक्रिय हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कोतवाली क्षेत्र और हृदयनगर क्षेत्र से करीब 360 लीटर डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के पास से टाटा कंपनी की हैरियर कार भी जब्त की है, जिसका उपयोग चोरी की वारदातों में किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक इससे पहले नैनपुर क्षेत्र में भी 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जो इसी गिरोह से जुड़े हुए थे। उनमें से तीन आरोपी जमानत पर बाहर आए थे और फिर से अपराध में शामिल हो गए। अब पुलिस उनकी जमानत निरस्त कराने की तैयारी कर रही है।
मंडला पुलिस की इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि हाईवे पर चोरी और अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अपराधियों में कानून का डर बना रहे और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

