अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। बिहार दिवस के उल्लास के बीच डेहरी से लोजपा (रामविलास) के विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह ने पलायन को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अब मजबूरी में नहीं, बल्कि शौक से दूसरे राज्यों का रुख करते हैं।

​सरकार नहीं रोक सकती शौक का पलायन

​पलायन के सवाल पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए विधायक सोनू सिंह ने तर्क दिया कि राज्य सरकार पलायन रोकने के लिए लगातार गंभीर प्रयास कर रही है। उन्होंने मनरेगा और जीविका जैसी योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए हैं। विधायक ने कहा, अगर कोई व्यक्ति अपनी इच्छा या शौक से रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जा रहा है, तो सरकार उसे जबरन नहीं रोक सकती।

​प्रतिभा का विस्तार या मजबूरी?

​विधायक ने पलायन को सकारात्मक नजरिए से पेश करते हुए कहा कि बिहार के लोगों का शिक्षित होकर बाहर जाना गर्व की बात होनी चाहिए। उनके अनुसार, बिहारी युवा अगर अन्य राज्यों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, तो इसमें बुराई क्या है? उन्होंने इसे बिहार की बौद्धिक क्षमता का विस्तार बताया।

​सांस्कृतिक कार्यक्रम और बिहार दिवस की बधाई

​यह बयान विधायक ने बिहार दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान दिया। इस अवसर पर जिला प्रशासन ने उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम में उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और स्थानीय व्यंजनों का लुत्फ उठाया।

​तरक्की पर जताया गर्व

​प्रदेशवासियों को बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने दावा किया कि आज शिक्षा, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बिहार तेजी से बदल रहा है। उन्होंने कहा कि इसी प्रगति का परिणाम है कि आज हमें बिहारी कहलाने पर गर्व होता है। अंत में उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए सांस्कृतिक संध्या का आनंद लिया।