MP Bomb Threat: मध्य प्रदेश में बीते कुछ दिनों में कई शैक्षणिक समेत सरकारी संस्थानों और कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा, जिसके बाद भोपाल से लेकर इंदौर में हड़कंप मच गया। 

आरटीओ कार्यालय को साइनाइड गैस बम से उड़ाने की धमकी 

हेमंत शर्मा, इंदौर। मिनी मुंबई के नाम से मशहूर इंदौर के आरटीओ कार्यालय को साइनाइड गैस से उड़ाने की धमकी मिली है। सरकारी ई-मेल पर आउटलुक आईडी से धमकी भरा मेल भेजा गया था। जिसके बाद अफसरों में हड़कंप मच गया। 

15 साइनाइड गैस धमाके की धमकी

मेल में सोमवार को आरटीओ परिसर में 15 साइनाइड गैस धमाके करने की धमकी दी गई। साथ ही तमिल मंत्री सेंथिल बालाजी के केस का भी जिक्र किया गया। कार्यालय खुलने पर अफसरों ने मेल देखने के बाद तेजाजी नगर थाने को इसकी सूचना दी। 

जांच में नहीं मिला बम

घटना की जानकारी मिलते ही ACP और थाना प्रभारी बम स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान पूरे आरटीओ कार्यालय की सघन जांच की लेकिन कोई बम नहीं मिला। पुलिस ने धमकी भरा फर्जी मेल भेजने वाले अज्ञात शख्स की तलाश शुरू कर दी। 

भोपाल में डिविजनल कमिश्नर दफ्तर को उड़ाने की धमकी

शिखिल ब्यौहार, भोपाल। इंदौर की तरह भोपाल में भी सरकारी संस्थान को उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरे मेल में डिविजनल कमिश्नर दफ्तर को उड़ाने की धमकी दी गई।

मेल में लिखा- ’15 छोटे साइनाइड गैस RDX बम धमाके के लिए तैयार हैं’

मेल भेजने वाले शख्स ने लिखा, ‘आपके डिविजनल कमिश्नर के दफ्तर में 15 छोटे साइनाइड गैस RDX बम धमाके के लिए तैयार हैं। तमिल मंत्री सेंथिल बालाजी पर से CBI केस हटाएं और दोपहर 1:15 बजे तक सभी को वहां से निकाल लें।’ 

फर्जी निकला मेल

घटना के बाद बम स्कवॉड ने पूरे इलाके की छानबीन शुरू की लेकिन कोई बम नहीं बरामद हुआ। पुलिस की जांच में मेल फर्जी निकला जिसके बाद अज्ञात शख्स की तलाश शुरू कर दी गई। साथ ही उस आईपी एड्रेस का पता लगाया जा रहा है, जहां से मेल भेजा गया था।

बीते दिनों इन संस्थानों को मिली बम धमाके की धमकी

गौरतलब है कि बीते दिनों मंडला जिला कोर्ट, सतना जिला कोर्ट, भोपाल में JK अस्पताल और JK यूनिवर्सिटी, एम्स, पीपुल्स यूनिवर्सिटी, नापतौल विभाग, इंदौर में संभाग आयुक्त कार्यालय, बड़वानी जिला कोर्ट, रीवा जिला कोर्ट समेत कई संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m