लखनऊ. पूर्व मंत्री संग्राम सिंह वर्मा का निधन हो गया है. निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली. संग्राम सिंह तीन बार विधायक रह चुके थे. वे कुर्मी समाज के प्रभावशाली नेता माने जाते थे. 92 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया है.

संग्राम सिंह वर्मा प्रदेश सरकार में कृषि राज्य मंत्री और रेशम उद्योग मंत्री थे. वे बाराबंकी से तीन बार विधायक निर्वाचित हुए और लंबे समय तक क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे. जनपद के कुर्मी समाज के प्रभावशाली नेताओं में उनकी गिनती होती थी. दिग्गज नेता बेनी प्रसाद वर्मा के बाद उन्होंने कुर्मी समाज में अपनी अलग पहचान बनाई और संगठनात्मक स्तर पर भी मजबूत पकड़ रखी.

इसे भी पढ़ें : गोंडा में भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, 3 लोगों की मौत

अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने दल परिवर्तन भी किया. 2017 में वे समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए थे. इसके बाद 2022 में वे सपा के हो गए. उनके इस फैसले ने जिले की राजनीति में खासा प्रभाव डाला था. उनका परिवार भी राजनीति में सक्रिय रहा है. उनके भाई सुरेंद्र वर्मा हरख ब्लॉक के प्रमुख रह चुके हैं, जबकि उनकी पत्नी शीला सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष रहने के बाद वर्तमान में नगर पालिका अध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं. अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए उन्होंने 50 लाख रुपये का योगदान दिया था, जिसे लेकर उन्हें व्यापक सराहना मिली थी.