रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज देर शाम पश्चिम बंगाल दौरे पर रवाना होंगे। मुख्यमंत्री रात 8 बजे रायपुर एयरपोर्ट से बंगाल के लिए प्रस्थान करेंगे। इस दौरान वे भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि सीएम साय का यह दौरा पार्टी के चुनावी अभियान को मजबूती देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। उनके कार्यक्रम में स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी संभावित है।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का समापन समारोह आज
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ की मेजबानी में देश में पहली बार आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आज शाम 5 बजे समापन समारोह का आयोजन किया गया है। इसमें अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर मेरीकॉम और फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बता दें कि राज्य के तीन शहरों रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में विगत 25 मार्च से खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इसमें देश के 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के करीब 2000 जनजातीय खिलाड़ियों एवं अधिकारियों ने हिस्सेदारी की।

राज्य सेवा परीक्षा के लिए आवेदन 15 अप्रैल तक
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा परीक्षा-2025 के माध्यम से 20 सेवा के लिए कुल 265 पद विज्ञापित किए गए थे। परीक्षा के अगले चरण में राज्य सेवा (मुख्य) परीक्षा 2025 का आयोजन होगा। मुख्य परीक्षा में शामिल होने अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। अभ्यर्थी 15 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
गर्मी में अब साढ़े 6 घंटे की जगह 4 घंटे लगेगी आंगनबाड़ी
रायगढ़। बढ़ती गर्मी को देखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया है। निर्देश के अनुसार पहले आंगनबाड़ी केंद्र सुबह साढ़े 9 बजे से दोपहर साढ़े 3 बजे तक संचालित हो रहे थे। अब इन्हें सुबह 7 बजे से 11 बजे तक खोला जा रहा है। समय में बदलाव से बच्चों के साथ साथ केंद्रों को भी राहत मिली है। प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए तीन महीने तक आंगनबाड़ी केंद्र प्रतिदिन 4 घंटे संचालित किए जाएंगे। बता दें कि रायगढ़ जिले में कुल 2709 आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जिनमें करीब 90 हजार पंजीकृत बच्चे हैं।
अकलतरा में चौथी-लाइन के चलते प्रभावित ट्रेनें बहाल
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी के लिए चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य के कारण पहले निरस्त और आंशिक रूप से निरस्त की गई ट्रेनों को अब फिर से बहाल किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इनका परिचालन चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। इससे रायपुर, गेवरारोड, बिलासपुर और रायगढ़ के यात्रियों को राहत मिलेगी। ये ट्रेनें हुई बहाल – 68737 (रायगढ़–बिलासपुर) मेमू – 3 से 7 अप्रैल, 68738 (बिलासपुर–रायगढ़) मेमू – 3 से 7 अप्रैल, 68736 (बिलासपुर–रायगढ़) मेमू – 3 से 6 अप्रैल, 68735 (रायगढ़–बिलासपुर) मेमू – 4 से 7 अप्रैल, 68746 (रायपुर–गेवरारोड) मेमू – 3 से 6 अप्रैल, 68745 (गेवरारोड–रायपुर) मेमू – 4 से 7 अप्रैल, 58204 (रायपुर–कोरबा) पैसेंजर – 3 से 6 अप्रैल, 58203 (कोरबा–रायपुर) पैसेंजर – 4 से 7 अप्रैल, 68734 (बिलासपुर–गेवरारोड) मेमू – 3 से 7 अप्रैल, 68733 (गेवरारोड–बिलासपुर) मेमू – 3 से 7 अप्रैल, 68732 (बिलासपुर–कोरबा) मेमू – 3 से 7 अप्रैल, 68731 (कोरबा–बिलासपुर) मेमू – 3 से 7 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

