आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। सीआरपीएफ की 85वीं बटालियन ने एंटी-नक्सल अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के दो डंप बरामद किए हैं। यह ऑपरेशन गंगालूर थाना क्षेत्र के पेद्दाजोजेर और लेण्ड्रा के घने जंगलों में चलाया गया, जहां संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों की छुपाई गई सामग्री को खोज निकाला।
बरामद किए गए डंप में भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री शामिल है, जिसमें .303 राइफल, स्टेन गन, बीजीएल राउंड, डेटोनेटर, जिलेटिन और वायर जैसे उपकरण शामिल हैं। सुरक्षा बलों के अनुसार, यह सामग्री नक्सलियों द्वारा बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से छुपाकर रखी गई थी, जिसे समय रहते जब्त कर लिया गया।


इस कार्रवाई को क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे उनकी गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है।

