रायपुर। देश के विदेश मंत्री एस. जयशंकर आज रायपुर पहुंचे हैं। वे यहां भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) रायपुर के 15वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जयशंकर सुबह 8:45 बजे की फ्लाइट से रायपुर पहुंचे। आगमन के बाद वे सीधे IIM रायपुर पहुंचे, जहां आयोजित दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। समारोह के समापन के बाद विदेश मंत्री आज ही रायपुर से वापस लौट जाएंगे। उनका वापसी कार्यक्रम दोपहर 2 बजे का है।

आज बंगाल दौरे पर रहेंगे सीएम विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में कई नामांकन रैलियों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री साय सुबह 11:50 बजे झारग्राम में आयोजित नामांकन रैली में शामिल होंगे। इसके अलावा वे नयाग्राम, गोपीबल्लवपुर, झारग्राम और बीनपुर विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे। कार्यक्रमों के समापन के बाद मुख्यमंत्री साय होटल में विश्राम करेंगे। इसके पश्चात वे शाम 6:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट लौटेंगे।

कोनी में बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट, 5 अप्रैल को पहुंचेगी केंद्रीय टीम

बिलासपुर। कोनी क्षेत्र में बर्ड फ्लू की आशंका को लेकर केंद्र सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 5 अप्रैल को केंद्रीय टीम बिलासपुर पहुंचेगी और प्रभावित इलाके का निरीक्षण करेगी। जानकारी के अनुसार, टीम में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के विशेषज्ञ शामिल रहेंगे, जो मौके पर हालात का जायजा लेंगे और आगे की रणनीति तय करेंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक 17 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें से पहले 24 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र के 1 किलोमीटर दायरे को संवेदनशील घोषित कर दिया है। इसके साथ ही इस क्षेत्र में चिकन और अंडों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है, ताकि संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके। प्रशासन लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील कर रहा है, वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

रायपुर रेल सेक्शन में सिग्नलिंग कार्य का असर, 10 ट्रेनें रद्द

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर–उरकुरा–मांढर सेक्शन में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। 4 अप्रैल से 6 अप्रैल तक अलग-अलग तारीखों में कुल 10 मेमो और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि 4 ट्रेनों को उनके गंतव्य से पहले ही समाप्त (शॉर्ट टर्मिनेट) किया जाएगा। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, इस कार्य के कारण रायपुर–बिलासपुर और बिलासपुर–रायपुर के बीच चलने वाली मेमू ट्रेनें रद्द रहेंगी। इसके अलावा गेवरा रोड–बिलासपुर रूट की ट्रेनें भी प्रभावित होकर रद्द की गई हैं। यात्रियों के लिए एक और बड़ी असुविधा यह है कि रायपुर–इतवारी पैसेंजर ट्रेन भी इस अवधि में नहीं चलेगी। वहीं रायपुर–दुर्ग मेमू के कई फेरों को भी कैंसिल कर दिया गया है।

अग्रवाल समाज का परिचय सम्मेलन आज व कल

रायपुर। अग्रवाल सभा रायपुर द्वारा समाज के अविवाहित युवक-युवतियों के लिए 4 व 5 अप्रैल को श्रीअग्रसेन धाम, छेरीखेड़ी में परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्घाटन सत्र शनिवार को सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा। प्रमुख अतिथि मंत्री राजेश अग्रवाल, संपत अग्रवाल अग्रवाल होंगे। दूसरे दिन रविवार, 5 अप्रैल को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक प्रदेश की सभी अग्रवाल सभा के पदाधिकारियों-सदस्यों की समाज की वर्तमान स्थिति एवं भविष्य की चुनौतियों विषय पर एक चर्चा होगी। अग्र मंथन शीर्षक से आयोजित इस चर्चा सत्र में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल एवं अध्यक्ष सीएसआईडीसी राजीव अग्रवाल विशेष रूप से सम्मिलित रहेंगे। इस दौरान पत्रिका अग्र-धरोहर का विमोचन भी होगा।

7 अप्रैल से ‘स्वस्थ बस्तर अभियान’ की शुरुआत

जगदलपुर। बस्तर संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए 7 अप्रैल से “स्वस्थ बस्तर अभियान” का आगाज किया जा रहा है। इस मेगा हेल्थ ड्राइव के तहत संभाग के सभी सात जिलों में हर नागरिक की मुफ्त स्वास्थ्य जांच की जाएगी और उसका डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार किया जाएगा। इस अभियान का लक्ष्य 100% आबादी को हेल्थ कवरेज में लाना है, ताकि भविष्य में इलाज की निरंतरता बनी रहे और गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान हो सके। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने गांव, टोला और पारा स्तर तक पूरी मैपिंग कर ली है। मेडिकल टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों की जांच करेंगी, जिससे कोई भी व्यक्ति इस अभियान से छूट न जाए।

6 से 17 तक लगेंगे जनसमस्या निवारण शिविर

अंबिकापुर। जिले में ग्रामीणों की समस्याओं, शिकायतों और आवश्यकताओं के समाधान के उद्देश्य से 6 से 17 अप्रैल तक खंड स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर-2026 का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर ब्लॉक बैकुंठपुर व सोनहत सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित होंगे। शिविर के संचालन के लिए एसडीएम बैकुंठपुर ने नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 6 अप्रैल को भखार, बुडार, सिंघोर और पोड़ी, 8 अप्रैल को नरकेली, डुमरिया और बचरा, 10 व 11 अप्रैल को भंडारपारा, खोडरी और जिल्या, 13 अप्रैल को आनी, मुरमा और बंशीपुर, 15 अप्रैल को जामपारा, शिवपुर और बोडार और 17 अप्रैल को नगर और मेण्ड्रा में शिविर लगाए जाएंगे।