राज्यसभा सांसद राघव चड्‌ढा ने आम आदमी पार्टी (AAP) से चल रहे विवाद के बीच बिना नाम लिए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। राघव चड्‌ढा ने अमेरिकी लेखक रॉबर्ट ग्रीन की किताब ‘द 48 लॉज ऑफ पावर’ पढ़ते हुए फोटो शेयर की। राघव चड्‌ढा ने किताब के पहले पन्ने की स्टोरी भी लगाई। जिसमें लिखा कि मैने पहला चैप्टर खोला।

जिस पेज को चड्‌ढा ने शेयर किया है, उसमें किताब में पहला कानून बताया गया है कि अपने मालिक या बॉस से ज्यादा चमकने की कोशिश कभी न करें। हमेशा अपने से ऊपर के लोगों को ऐसा महसूस कराएं कि वे आपसे बेहतर और श्रेष्ठ हैं। उन्हें खुश करने और प्रभावित करने की कोशिश में अपने हुनर या प्रतिभा का जरूरत से ज्यादा प्रदर्शन न करें।

चैप्टर में आगे लिखा- अगर आप ऐसा करते हैं, तो इसका उल्टा असर हो सकता है। उनमें डर और असुरक्षा की भावना पैदा हो सकती है। इसलिए अपने वरिष्ठों को वास्तव में जितने हैं, उससे ज्यादा बुद्धिमान और प्रभावशाली दिखने दें। ऐसा करने से आप आखिरकार शक्ति और सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं। राघव का अब यह सीधा अटैक केजरीवाल पर माना जा रहा है। हाल ही में पूर्व AAP नेता व मशहूर कवि कुमार विश्वास का भी डेढ़ साल पुराना वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें उन्होंने कहा था कि अगला शिकार राघव चड्‌ढा होगा क्योंकि वह ज्यादा चमकने लगा है। राघव की यह क्रिप्टिक पोस्ट उसी से जुड़ी मानी जा रही है।

कांग्रेस सांसद बोले- मैंने चड्‌ढा के मुंह पर चिट्‌ठी फाड़कर मारी

राज्यसभा सांसद राघव चड्‌ढा और आम आदमी पार्टी (AAP) के झगड़े में पटियाला से कांग्रेस सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी की भी एंट्री हो गई है। एक पॉडकास्ट के दौरान डॉ. गांधी ने कहा कि जब वह AAP से पटियाला के सांसद थे तो राघव चड्‌ढा ने उन्हें चिट्‌ठी देकर लोकसभा में बोलने के लिए कहा। हालांकि उन्होंने राघव की लाई चिट्‌ठी फाड़कर उनके मुंह पर मार दी और गेटआउट कहकर पंजाब भवन से निकाल दिया। डॉक्टर गांधी ने एक निजी सोशल मीडिया चैनल से बात करते हुए ये बातें कहीं।

वहीं राघव चड्‌ढा भी लगातार AAP को जवाब दे रहे हैं। 2 वीडियो जारी करने के बाद रविवार (5 अप्रैल) को उन्होंने पंजाब के लिए उठाए मुद्दों के बारे में बताते हुए लिखा कि यह छोटा सा ट्रेलर है, पूरी पिक्चर अभी बाकी है। AAP ने आरोप लगाया कि राघव ने BJP और PM नरेंद्र मोदी के खिलाफ किए सारे ट्वीट डिलीट कर दिए। राघव इससे पहले AAP को सैलाब बनकर आने और घातक होने की चेतावनी दे चुके हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m