मनेंद्र पटेल, दुर्ग। नशे के सौदागरों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 91. 9 ग्राम हीरोइन चिट्टा के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त हीरोइन की कीमत 18 लाख 70 हजार रुपए आंकी गई है। ये हीरोइन चिट्टा पंजाब के अमृतसर से लाकर दुर्ग जिले में खपाया जा रहा था।

दुर्ग पुलिस को लगातार जामुल इलाके में पंजाब से लाकर हीरोइन बेचने की जानकारी मिल रही थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हाउसिंग बोर्ड इलाके में एक किराए के मकान में मादक पदार्थ हीरोइन चिट्टा बेचा जा रहा है। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर मौके से चार आरोपियों को चिट्टा बेचते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

चारों आरोपियों के पास से 91.9 ग्राम हीरोइन चिट्टा जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब के अमृतसर से चिट्टा लाकर भिलाई में बेचते हैं। जब्त किए गए चिट्टा की कीमत 18 लाख 70 हजार रुपए आंकी गई है। वहीं चारों आरोपियों के पास से 31000 रुपए नगद भी बरामद किया गया है। फिलहाल सभी को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।