अमेरिका और ईरान शांतिवार्ता के लिए इस्लामाबाद में बैठक कर रहे हैं, बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया है कि ईरान द्वारा बिछाई गई माइंस को पता लगाने और उन्हें हटाने में असमर्थ होने के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित मार्ग में देरी हो रही है, जबकि सामान्य जहाजी आवाजाही बहाल करने का दबाव बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि फिलहाल ईरान होर्मुज को चाहकर भी पूरी तरह खोल नहीं सकता, क्योंकि वो यहां बिछाई गई बारूदी सुरंगों की लोकेशन खुद भूल गया है। रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि ईरान के पास इन सुरंगों को हटाने के लिए जरूरी संसाधन भी नहीं है। इसके अलावा अमेरिका की तरफ से उन दावों को भी खारिज कर दिया गया है जिसमें कहा गया था था कि वह ईरानी संसाधनों को आजाद कर देगा।

जब्त ईरानी संसाधनों को आजाद नहीं करेगा अमेरिका

व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है कि अमेरिका ने कतर या अन्य विदेशी बैंकों में जमा ईरान के जमे हुए संसाधनों (assets) को मुक्त करने पर सहमति जताई है। यह स्पष्टीकरण उन रिपोर्टों के बाद आया है जिनमें कहा गया था कि ईरान के साथ किसी तरह की वित्तीय ढील पर सहमति बनी है।

रिपोर्ट में दावा- सुरंगों को नहीं ढूंढ पा रहा ईरान

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने युद्ध के दौरान छोटे जहाजों के जरिए आनन-फानन में होर्मुज में बारूदी सुरंगें बिछाई थीं, लेकिन यह प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित नहीं थी। कई सुरंगों की लोकेशन का रिकॉर्ड दर्ज नहीं किया गया, जबकि कुछ समुद्र के बहाव में बह भी गईं। यही वजह है कि अब खुद ईरान इन्हें ढूंढ नहीं पा रहा है। वहीं, सुरंगों को हटाने की तकनीकी क्षमता भी ईरान के पास नहीं है।

ईरानी विदेश मंत्री ने ‘तकनीकी सीमाओं’ की ओर दिलाया था ध्यान

हाल ही में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा था कि होर्मुज को ‘तकनीकी सीमाओं को ध्यान में रखते हुए’ खोला जाएगा। उनके इस बयान को इसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने जहाजों को समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने की चेतावनी जारी की है। वहीं, ईरान सरकार समर्थित कुछ समाचार एजेंसियों ने सुरक्षित मार्गों को दिखाने वाले चार्ट जारी किए हैं।

ईरान-अमेरिका वार्ता में बेहद अहम है होर्मुज खोलने का मुद्दा

अमेरिका ने ईरान से वार्ता को लेकर शर्त रखी है कि होर्मुज को जहाजों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही के लिए खोला जाए। वहीं, ईरान यहां से गुजरने वाले जहाजों से टोल वसूलने की योजना बना रहा है। कथित तौर पर एक बैरल तेल के लिए एक डॉलर वसूलने का प्रस्ताव है, जो क्रिप्टोकरेंसी या ईरान की स्थानीय मुद्रा में होगी। अमेरिका समेत कई देशों ने इस प्रस्ताव का विरोध किया है।

कितना अहम है होर्मुज?

होर्मुज फारस की खाड़ी में प्रवेश करने का एकमात्र समुद्री मार्ग है। इसके एक तरफ ईरान तो दूसरी तरफ ओमान और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) हैं। इस जलडमरूमध्य से रोजाना 2.1 करोड़ बैरल कच्चा तेल और 8 करोड़ टन नेचुरल गैस की आवाजाही होती है, वैश्विक तेल खपत का करीब 20 प्रतिशत है। इजरायल-अमेरिका के साथ युद्ध शुरू होने के बाद ईरान ने इसे बंद कर दिया है, जिससे कई देशों में ऊर्जा संकट सामने आया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m