दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। कानून को हाथ में लेने और प्रतिशोध की एक सनसनीखेज वारदात में दुष्कर्म के आरोपी की हत्या कर दी गई है। यह मामला नर्मदापुरम जिले का है, जहां एक युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसके शव को निर्वस्त्र कर कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस ने इस मामले में पीड़िता के पिता भाई और जीजा समेत चार परिजनों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक विश्वास उर्फ छोटू गुर्जर (24) पर पीड़िता के अपहरण और दुष्कर्म का आरोप था। हाल ही में वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। आरोपियों का दावा है कि रिहा होने के बाद विश्वास लगातार पीड़िता और उसके परिवार को धमका रहा था और उन्हें परेशान कर रहा था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर परिवार ने खौफनाक कदम उठाया। ​12 अप्रैल की रात आरोपी विश्वास के घर पहुंचे और उसे झांसा दिया कि वे उसकी शादी पीड़िता से करा देंगे। विश्वास उनकी बातों में आ गया।

ये भी पढ़ें: बंद कमरे में गेहूं से बनी जहरीली गैस: दो मासूम बच्चियों की मौत, नाना के घर गर्मी की छुट्टियां मनाने आए परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पिटाई के बाद गला दबाकर हत्या, फिर कुएं में फेंका

आरोपी उसे कार में बैठाकर करीब 35 किलोमीटर दूर नंदवाड़ा ले गए। जहां सुनसान इलाके में ले जाकर ​दो लोगों ने उसके हाथ-पांव जकड़ लिए। ​अन्य दो ने डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। ​इसके बाद गला घोंटकर उसकी जान ले ली। ​पहचान छिपाने के लिए शव को निर्वस्त्र किया और एक खेत के कुएं में फेंक दिया। ​हत्या को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी छींद स्थित हनुमान धाम मंदिर में जाकर छिप गए।

ये भी पढ़ें: दुष्कर्म पीड़िता ने की आत्महत्या: सल्फास खाकर दी जान, पति के भांजे ने ही किया था रेप; मौत से पहले लिखा सुसाइड नोट

तीन दिन मंदिर में छिपे

हैरान करने वाली बात यह है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वे तीन दिनों तक मंदिर में ही रहे और वहां चल रहे भंडारे में भोजन कर अपनी फरारी काटी। विश्वास के भाई के अपहरण की शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। जब पुलिस पीड़िता के घर पहुंची तो पुरुष सदस्य लापता मिले। मुखबिरों और तकनीकी जांच की मदद से 15 अप्रैल को चारों को मंदिर से दबोच लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर बुधवार रात कुएं से शव बरामद किया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m