रोहित कश्यप, मुंगेली l जिला पंचायत मुंगेली में उस समय माहौल गरमा गया, जब जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने उप अभियंता सोनल जैन के खिलाफ कलेक्टर और एसपी को लिखित शिकायत सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए। शिकायत में अध्यक्ष ने कहा है कि 16 अप्रैल 2026 को लगभग शाम 4 बजे उप अभियंता सोनल जैन उनके चेम्बर में पहुंची और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए दुर्व्यवहार किया।

शिकायत के अनुसार उपअभियंता ने कहा कि “मैं तुम्हें नमस्ते करने नहीं आई हूं, तुम 5 साल के नेता हो, मैं हमेशा अधिकारी रहूंगी, तुम्हें फंसाऊंगी, तुम्हें देख लूंगी।” अध्यक्ष का आरोप है कि इस घटना से शासकीय कार्य प्रभावित हुआ और वे स्वयं मानसिक रूप से आहत एवं असहज महसूस कर रहे हैं।

जिपं अध्यक्ष ने की सख्त कार्रवाई की मांग, सुरक्षा भी मांगी

जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने पत्र में यह भी कहा है कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान उनके निज सहायक संदीप पाण्डेय एवं भृत्य अनिल पाटले मौजूद थे, जो इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी हैं। शिकायत में आगे कहा गया है कि उप अभियंता के इस व्यवहार से शासकीय व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, इसलिए उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के तहत एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा की भी मांग की है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की जाती है तो जिला पंचायत कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

आरोप गलत, मुझे लगातार परेशान किया जा रहा : उप अभियंता सोनल

इस मामले में उप अभियंता सोनल जैन ने जिला पंचायत अध्यक्ष के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि पिछले कुछ महीनों से उन्हें विभिन्न तरीकों से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि फील्ड में कार्य के दौरान सरपंचों के काम को लेकर उन पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता था और अधूरे कार्यों का फाइनल बिल बनाने के लिए कहा जाता था।

सोनल ने यह भी कहा कि उनके आत्महत्या के प्रयास के बाद भी सरपंचों पर दबाव डालकर उनके खिलाफ शिकायतें कराई गईं। वे इसी संबंध में बात करने जिला पंचायत गई थीं। जनप्रतिनिधि को जनप्रतिनिधि की तरह रहना चाहिए, किसी को इस तरह परेशान नहीं करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उनके पास कॉल रिकॉर्डिंग सहित पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं, जिनमें कुछ जनप्रतिनिधियों के नाम भी स्पष्ट रूप से सामने आते हैं।

कलेक्टर, एसपी ने कहा – मामले की होगी निष्पक्ष जांच

इस मामले में कलेक्टर कुंदन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा है कि शिकायत प्राप्त हुई है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।