सुरेश परतागिरी, बीजापुर। भैरमगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत चिंगेर में निर्माणाधीन प्राथमिक शाला भवन में गंभीर लापरवाही और घटिया निर्माण का मामला लल्लूराम डॉट कॉम ने प्रमुखता से उठाया था। इस मामले में प्रशासन ने संज्ञान लिया है। सोमवार को घटिया निर्माणाधीन स्कूल भवन को जेसीबी चलाकर तोड़ा गया। जल्द ही ठेकेदार और मामले में संलिप्त इंजीनियर पर भी कार्रवाई हो सकती है।
चिंगनेर में बन रहे स्कूल भवन का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए थे। इसमें दिखाया गया था कि भवन में इस्तेमाल किया गया मटेरियल इतना कमजोर है कि उसे डंडे से आसानी से उखाड़ा जा सकता है।

इसे भी पढ़ें – स्कूल निर्माण में घटिया गुणवत्ता का आरोप, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल… SDM ने जांच कराने की कही बात

गौरतलब है कि बस्तर क्षेत्र में नक्सल प्रभाव कम होने के बाद सरकार और प्रशासन शिक्षा के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। दूरस्थ और अंदरूनी इलाकों में स्कूलों का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें, लेकिन ठेकेदार और अधिकारी निर्माण कार्यों में गंभीर लापरवाही बरत रहे। स्थानीय स्तर पर आरोप लग रहे हैं कि निर्माण कार्य में ठेकेदार और संबंधित इंजीनियर मिलकर घटिया सामग्री का उपयोग कर सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहे हैं।

