पश्चिम बंगाल में बीते दिनों एक चुनावी सभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ के नारे को स्वामी विवेकानंद का बता दिया था. इसे लेकर अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर निशाना साधा है. उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया कि मुख्यमंत्री जी का फोकस क्यों डिस्टर्ब था? उन्होंने कहा कि इस बयान से योगी के प्राजोयित प्रचार की कलई खुल गई.

अखिलेश ने एक्स पर लिखा कि ‘ज्ञान’ से बड़ी चीज़ ‘ध्यान’ होती है और ‘ध्यान’ मतलब ‘फोकस’ क्यों डिस्टर्ब था, इस पर ‘ध्यान’ देने और सुधारने की जरूरत है. अच्छा होता अपनी पिछली गलती के लिए ये सोचकर माफी भी मांग ली होती : क्षमा वीरस्य भूषणम्! कम से कम अपनी पद की गरिमा का ध्यान रखते हुए, भविष्य में ऐसी गलती न हो इसका ‘ध्यान’ रखिएगा, पूरी दुनिया में इससे आपके प्रायोजित प्रचार की कलई भी खुल गई है और उप्र की छवि भी धूमिल हुई है. उप्र के हित में जारी!

इसे भी पढ़ें : अराजकता के दौर से गुजर रहा UP! गाजीपुर में सपाइयों पर पथराव, अखिलेश ने साधा निशाना

बता दें कि इससे पहले यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी इस मामले में सीएम योगी पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा कि “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा” जैसा अमर नारा महान क्रांतिकारी नेता सुभाष चंद्र बोस ने दिया था. उन्‍होंने कहा कि सुभाष चंद्र बोस ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में युवाओं को संगठित करने और जोश भरने के लिए यह नारा दिया था, जो आजादी की लड़ाई को नई दिशा देने का आह्वान था. वहीं, स्वामी विवेकानंद ने भारतीय समाज को आत्मविश्वास, आध्यात्मिकता और राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा दी.