Lifestyle Desk – गर्मी के मौसम में उल्टी (वॉमिटिंग) की समस्या काफी आम हो जाती है. तेज धूप, डिहाइड्रेशन, खराब खान-पान और शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी इसके मुख्य कारण होते हैं. यदि समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो यह समस्या गंभीर रूप भी ले सकती है. ऐसे में सही जानकारी और सावधानी बेहद जरूरी है. आइए जानते हैं की जब ऐसी समस्या हो तो क्या करें?

क्या करें

गर्मी में उल्टी होने पर सबसे पहले शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी है.

  1. थोड़ा-थोड़ा करके ठंडा (लेकिन बहुत ज्यादा ठंडा नहीं) पानी पीते रहें.
  2. ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ORS) या नींबू पानी, नारियल पानी और छाछ जैसे प्राकृतिक पेय पदार्थ बेहद फायदेमंद होते हैं. ये शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी को पूरा करते हैं.
  3. आराम करना भी उतना ही जरूरी है. उल्टी के बाद शरीर कमजोर हो जाता है, इसलिए कुछ समय तक भारी काम या धूप में जाने से बचें.
  4. हल्का और सुपाच्य भोजन जैसे खिचड़ी, दलिया, केला या टोस्ट लेना बेहतर होता है. अदरक का छोटा टुकड़ा या अदरक की चाय भी उल्टी को कंट्रोल करने में मदद कर सकती है.
  5. अगर उल्टी बार-बार हो रही है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. खासकर बच्चों और बुजुर्गों में यह स्थिति जल्दी गंभीर हो सकती है.

क्या न करें

उल्टी होने पर सबसे बड़ी गलती है कि लोग पानी पीना बंद कर देते हैं. ऐसा बिल्कुल न करें, क्योंकि इससे डिहाइड्रेशन बढ़ सकता है.

  1. एक बार में ज्यादा पानी पीने के बजाय थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बार-बार पानी लें.
  2. तला-भुना, मसालेदार और भारी खाना बिल्कुल न खाएं. इससे पेट और खराब हो सकता है और उल्टी बढ़ सकती है.
  3. बहुत ठंडे ड्रिंक्स या आइसक्रीम से भी बचें, क्योंकि ये पेट को और संवेदनशील बना सकते हैं.
  4. धूप में ज्यादा देर तक रहना या बिना सिर ढके बाहर निकलना भी नुकसानदायक है. इससे हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ता है, जो उल्टी का बड़ा कारण बन सकता है.

बिना डॉक्टर की सलाह के दवाइयों का सेवन करने से भी बचें. कई बार गलत दवा लेने से स्थिति बिगड़ सकती है. इन बातों का भी रखें ख्याल 
गर्मी के मौसम में ढीले और हल्के रंग के कपड़े पहनें. दिन में बार-बार पानी पीने की आदत डालें, भले ही प्यास न लगे. घर से बाहर निकलते समय पानी की बोतल साथ रखें. खाने-पीने की चीजों की साफ-सफाई का खास ध्यान रखें, क्योंकि गर्मी में फूड पॉइजनिंग का खतरा ज्यादा रहता है.