अनूप मिश्रा, बहराइच. शहर में पुतला दहन के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंकते समय भाजपा की सदर विधायक और पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल आग की चपेट में आकर खुद ही झुलस गईं. यह घटना बहराइच के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित DM चौराहे के पास हुई. जहां भाजपा कार्यकर्ता नारी वंदन अधिनियम का विरोध करने वाली विपक्षी पार्टियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे.

प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन किया जा रहा था, जिसमें अनुपमा जायसवाल भी शामिल थीं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुतला जलाते समय अचानक आग की लपटें तेज हो गईं और सीधे विधायक के चेहरे तक पहुंच गईं. इससे उनका चेहरा झुलस गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें आग से बचाया और प्राथमिक सहायता दी. हादसे के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए बहराइच मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है.

इसे भी पढ़ें : नेपाल के पिउठान में सड़क हादसा: 1 महिला समेत 2 की मौत और 19 घायल, CM योगी ने 2 लाख रुपये प्रति परिवार राशि देने की घोषणा की

चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव अस्पताल पहुंचे और विधायक का हालचाल लिया. इस दौरान अस्पताल में भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए वहां तनावपूर्ण माहौल बन गया. इस घटना ने प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं और सावधानियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन द्वारा मामले की समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके. फिलहाल चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रदर्शन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।