कोलंबिया के दक्षिण-पश्चिम इलाके में हिंसा ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। यात्रियों से भरी एक बस में हुए भीषण धमाके ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। इस धमाके में 14 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई, जबकि 38 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब पिछले 48 घंटों से लगातार हमलों की वजह से हालात पहले ही तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस हमले ने सुरक्षा व्यवस्था और सरकार की चुनौती को और बढ़ा दिया है। राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए इसे आतंकियों और ड्रग तस्करों की घिनौनी साजिश करार दिया है.

दक्षिण-पश्चिम कोलंबिया के काहिबियो (Cajibío) में शनिवार को एक बस में भीषण बम धमाका हुआ. इस हमले में 14 आम नागरिकों की जान चली गई, जबकि 38 अन्य घायल हुए हैं.

कोलंबिया के दक्षिण-पश्चिम इलाके में शनिवार को एक बस में हुए शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 38 अन्य घायल हो गए. काउका प्रांत के गवर्नर ऑक्टेवियो गुजमैन के अनुसार, ये धमाका तब हुआ, जब बस काहिबियो नगरपालिका के पास पैनअमेरिकन हाईवे से गुजर रही थी. कोलंबियाई सशस्त्र बलों के कमांडर जनरल ह्यूगो लोपेज ने इसे एक ‘आतंकवादी हमला’ बताते हुए पूर्व फार्क (FARC) विद्रोहियों के विद्रोही गुट ‘हाइमे मार्टिनेज’ (Jaime Martinez) को जिम्मेदार ठहराया है.

ये हमला पिछले दो दिनों में क्षेत्र में हुई 26 आपराधिक घटनाओं की कड़ी का हिस्सा है. राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने सोशल मीडिया पर इस हमले की निंदा करते हुए दोषियों को फासिस्ट और ड्रग तस्कर कहा है.

अधिकारियों ने इस हमले के पीछे ‘इवान मोर्डिस्को’ (Ivan Mordisco) के नेटवर्क और हाइमे मार्टिनेज गुट का हाथ बताया है. ये वो विद्रोही ग्रुप हैं, जिन्होंने 2016 में सरकार के साथ हुए शांति समझौते को स्वीकार नहीं किया था. वो अब इस क्षेत्र में नशीली दवाओं की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए हिंसा का सहारा ले रहे हैं.

दक्षिण-पश्चिम कोलंबिया पिछले दो दिनों से बम धमाकों और गोलीबारी से दहल रहा है. शनिवार को धमाके से पहले अल टैम्बो में विस्फोटक लदे तीन ड्रोनों को मार गिराया गया था. शुक्रवार को भी काली (Cali) और पल्मिरा (Palmira) में सैन्य यूनिटों के पास दो कार बम धमाके किए गए थे.

जनरल लोपेज के अनुसार, इन हमलों का सीधा असर केवल आम नागरिकों पर पड़ रहा है. घाटी डेल कौका की गवर्नर फ्रांसिस्का टोरो ने केंद्र सरकार से तत्काल खुफिया सहायता और अतिरिक्त सैन्य बल की मांग की है.

काउका और वैले डेल काउका क्षेत्र लंबे समय से ड्रग तस्करी के प्रमुख केंद्र रहे हैं। यहां से समुद्री और नदी मार्गों के जरिए ड्रग्स को मध्य अमेरिका और यूरोप तक पहुंचाया जाता है। इन्हीं रास्तों पर कब्जे को लेकर अलग-अलग सशस्त्र गुटों के बीच संघर्ष चल रहा है। यही कारण है कि, आम नागरिक और सार्वजनिक ढांचे भी इन हमलों का शिकार बन रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m