पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होगा. जिसको लेकर TMC-BJP समेत सभी दलों ने अपना जोर लगा दिया है. इसी बीच पश्चिम बंगाल के कोलकाता जिले के भवानीपुर का सियासी पारा अपने चरण पर पहुंच गया है. शनिवार को यह हाई-प्रोफाइल सीट उस समय युद्ध के मैदान में तब्दील हो गई, जब सीएम ममता बनर्जी और विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी की रैलीयां मात्र 100 मीटर की दूरी पर हो रही थी.

बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग को लेकर प्रचार जारी है. भवानीपुर में आयोजित मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की रैली के पास ही बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी का भी रैली कार्यक्रम था, जिसे लेकर सीएम भड़क गईं.

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार प्रसार जोरों से चल रहा है. शनिवार (26 अप्रैल) को भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की रैली थी. उनकी रैली स्थल से मुश्किल से ही करीब 100 मीटर दूर पर बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी की सभा हो रही थी. ऐसे में टीएमसी और बीजेपी के कार्यकर्ताओं में टकराव के हालात बन गए. इस दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद सुरक्षा बलों को मोर्चा संभालना पड़ा.

रैली में हंगामे की शुरुआत चक्रबेरिया रोड पर हुई. सीएम ममता बनर्जी जब मंच से जनता को संबोधित कर रही थीं, तभी उन्होंने अचानक अपना भाषण रोक दिया. ममता ने आरोप लगाया कि पास में ही हो रही सुवेंदु अधिकारी की सभा में जानबूझकर लाउडस्पीकर की आवाज इतनी तेज कर दी गई है जिससे उनका भाषण सुनाई न दे. इस जानबूझकर पैदा किए जा रहे व्यवधान पर नाराजगी जताते हुए ममता बनर्जी ने अपने समर्थकों से माफी मांगी और मंच छोड़कर चली गईं.

सीएम के जाने के बाद टीएमसी कार्यकर्ता अधिकारी की रैली की तरफ चल पड़े और विरोध करने लगे. टीएमसी और बीजेपी के कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई की नौबत आ गई. हालांकि वहां तैनात पुलिस ने लोगों को तितर-बितर कर दिया. उस समय तक शुभेंदु अधिकारी जनसभा में नहीं पहुंचे थे. बाद में उन्होंने कहा कि बंगाल में गुंडा राज चल रहा है जिसको मुंहतोड़ जवाब देना है.

BJP आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने वीडियो शेयर करते हुए कहा कि ममता बनर्जी ने हार के डर से अपना आपा खो दिया है. बता दें कि भवानीपुर सीट पर टीएमसी की मजबूत पकड़ मानी जाती है. इस सीट पर 2011 से ममता बनर्जी ने तीन बार जीत दर्ज की है. 29 अप्रैल को अन्य 141 सीटों के साथ भवानीपुर सीट पर भी मतदान होना है. 

पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में भवानीपुर सबसे हॉट सीट मानी जा रही है. साल 2021 में हुए विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराने वाले सुवेंदु अधिकारी इस बार नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों जगह से मैदान में हैं. भवानीपुर की जनसांख्यिकी काफी विविधतापूर्ण है, जहां बंगाली, गुजराती, मारवाड़ी और सिख समुदाय के मतदाता निर्णायक भूमिका में रहते हैं.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m