Donald Trump threatens Iran again: अमेरिका-ईरान सीजफायर खत्म होने में सिर्फ 3 दिन बचे हैं। सीजफायर खत्म होने से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर धमकी दी है। ट्रंप ने कहा कि ईरान के पास सिर्फ 3 दिन बचे हुए हैं। इस बार तेहरान ने हमारी शर्तें नहीं मानी तो ईरान के तेल-गैस पाइपलाइन सब ब्लास्ट हो जाएंगी। इस बार ईरान में सिर्फ तबाही का मंजर होगा।

ट्रंप की ताजा धमकी ऐसे समय में आई है, जब ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची रविवार को एक बार फिर इस्लामाबाद पहुंचे हैं, जहां उन्होंने पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ मुलाकात की। 

 फॉक्स न्यूज से बात करते हुए ट्रंप ने समझाया कि अगर ईरान तेल का निर्यात जारी नहीं रख पाता है तो पाइपलाइनें यांत्रिक रूप से और प्राकृतिक कारणों से खराब हो जाएंगी। ऐसा इसलिए होगा क्योंकि तेल को जहाजों या स्टोरेज टैंकों में भेजने का रास्ता बंद है और उस पर नाकेबंदी लगी हुई है। पाइपलाइन के अंदर दबाव बनता है और तकनीकी व प्राकृतिक कारणों से वह फट सकती है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि एक बार फटने के बाद ईरान पाइपलाइन को उसकी असली क्षमता तक दोबारा नहीं बना पाएगा। यह अपनी पिछली उत्पादन क्षमता के मुकाबले सिर्फ 50% पर ही काम कर पाएगी। इसी इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान बातचीत करना चाहता है तो अमेरिका से संपर्क कर सकता है। ट्रंप ने कहा, ‘अगर वे बात करना चाहते हैं, तो हमारे पास आ सकते हैं, या हमें फोन कर सकते हैं। आप जानते हैं, फोन मौजूद हैं। हमारे पास अच्छी और सुरक्षित लाइनें हैं।

ईरान ने होर्मुज खोलने का ऑफर दिया

इधर ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Abbas Araghchi ) रविवार को इस्लामाबाद पहुंचे। उन्होंने पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ मुलाकात की। तीन दिनों में यह अराघची का दूसरा पाकिस्तान दौरा है। इसके पहले वह शुक्रवार रात को पाकिस्तान पहुंचे थे। अराघची ने पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को कुछ अहम मुद्दों पर लिखित संदेश भेजे हैं। संदेश में ईरान ने अमेरिका को एक नया प्रस्ताव दिया है। इसमें होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलना और युद्ध खत्म करना है। एक अमेरिकी अधिकारी और इस मामले से जुड़े दो सूत्रों के मुताबिक, इस योजना में यह भी कहा गया है कि परमाणु मुद्दे पर बातचीत बाद में की जाए। यानी पहले युद्ध खत्म करने और हालात संभालने की बात, और परमाणु मुद्दा बाद में। इससे जल्दी समझौता करने की कोशिश की जा रही है।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m