रायपुर। छत्तीसगढ़ में गोल्फ के विकास और प्रचार-प्रसार की संभावनाओं को लेकर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुबोध कुमार सिंह और डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) के सीईओ अमनदीप जोहल के बीच बैठक हुई।

narayana

बैठक में मुख्य रूप से नवा रायपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स (Golf Course) विकसित करने और भविष्य में डीपी वर्ल्ड टूर स्तर के विश्वस्तरीय टूर्नामेंट की मेजबानी की संभावनाओं पर चर्चा की गई, जिससे छत्तीसगढ़ को वैश्विक गोल्फ मानचित्र पर स्थापित किया जा सके।

इस बैठक में नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) के अध्यक्ष अंकित आनंद और छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग एवं वाणिज्य सचिव रजत कुमार भी उपस्थित रहे।

गोल्फ इंफ्रास्ट्रक्चर और स्पोर्ट्स टूरिज्म पर फोकस

चर्चा का केंद्र छत्तीसगढ़ में गोल्फ इंफ्रास्ट्रक्चर के दीर्घकालिक विकास और खेल के लिए एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार करने पर रहा। बैठक में विश्वस्तरीय गोल्फ सुविधाओं के निर्माण, स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा देने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और राज्य को गोल्फ तथा इससे जुड़ी आर्थिक गतिविधियों के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

नवा रायपुर बन रहा प्रोफेशनल गोल्फ का नया केंद्र

एसईसीएल छत्तीसगढ़ ओपन के सफल आयोजन ने नवा रायपुर को भारतीय प्रोफेशनल गोल्फ सर्किट के उभरते हुए केंद्र के रूप में स्थापित किया है। यह आयोजन इस बात का भी संकेत है कि गोल्फ अब अपने पारंपरिक केंद्रों से आगे बढ़कर नए क्षेत्रों में विस्तार कर रहा है। बैठक में राज्य में नए गोल्फ कोर्स और संबंधित अधोसंरचना के विकास पर भी चर्चा हुई, जिससे स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा, रोजगार सृजन, hospitality और अन्य संबंधित क्षेत्रों को प्रोत्साहन मिल सकता है तथा छत्तीसगढ़ को भविष्य में प्रोफेशनल गोल्फ के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में मदद मिल सकती है।

अमनदीप जोहल ने अधिकारियों को भारत में प्रोफेशनल गोल्फ की बढ़ती प्रोफाइल, डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई कैलेंडर के विस्तार और गोल्फ से पर्यटन, आतिथ्य, रोजगार तथा अंतरराष्ट्रीय खेल सहभागिता के क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाले अवसरों के बारे में जानकारी दी।

बैठक में छत्तीसगढ़ में गोल्फ विकास पहलों और भविष्य के आयोजनों को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के बीच सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।