आशुतोष तिवारी, जगदलपुर/मलकानगिरी। छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा से एक बार फिर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। लंबे समय से गांजा तस्करी के लिए कुख्यात मलकानगिरी-कोरापुट बेल्ट में पुलिस ने एक बड़े ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए जंगलों में संचालित ‘मोबाइल हशीश फैक्ट्री’ को ध्वस्त कर दिया है। इस कार्रवाई में करीब 100 करोड़ रुपए कीमत का हशीश ऑयल जब्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार, मलकानगिरी जिले के चित्रकोंडा इलाके के घने जंगलों में यह अवैध फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। कोरापुट रेंज के डीआईजी डॉ. केवी सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने सटीक इनपुट के आधार पर यह सर्जिकल ऑपरेशन अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान मौके से करीब 800 लीटर हशीश ऑयल बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 100 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। इसके अलावा 50 किलो गांजा और ऑयल बनाने के अत्याधुनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कोई साधारण तस्करी का मामला नहीं था, बल्कि जंगल के भीतर हाईटेक तरीके से तैयार की गई एक ‘मोबाइल यूनिट’ थी। यहां गांजे को प्रोसेस कर बड़े पैमाने पर हशीश ऑयल तैयार किया जा रहा था, जिसे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के जरिए सप्लाई करने की योजना थी।
सिंडिकेट के ‘असली आका’ अब भी गायब
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि पूरी यूनिट को इस तरह डिजाइन किया गया था कि जरूरत पड़ने पर इसे कुछ ही मिनटों में समेटकर दूसरी जगह शिफ्ट किया जा सके। हालांकि, पुलिस की दबिश की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए और जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क की जड़ें काफी गहरी हैं और यह एक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकता है। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

