CG Morning News : रायपुर. प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चार राज्य और एक केंद्रशासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव परिणामों की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत का भरोसा जताया है. मुख्यमंत्री साय ने विशेष रूप से असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनने का दावा किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी सोमवार को आने वाले परिणाम को लेकर बेहद आशान्वित है.

मुख्यमंत्री साय ने कहा, कल चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव के परिणाम आने हैं और हम लोग बहुत आशावान हैं. दो राज्यों- पश्चिम बंगाल और असम में निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी की स्पष्ट बहुमत की सरकार बना रही है. अन्य राज्यों में भी एनडीए की मजबूत स्थिति की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने गठबंधन की सफलता का दावा कर कहा, उन्होंने स्वयं केरल का दौरा किया और वहां के अनुभवों को साझा करते हुए कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोगों का विश्वास बढ़ा है, जिसका लाभ एनडीए को मिलेगा. मुख्यमंत्री साय ने उन सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया जो छत्तीसगढ़ से दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए गए थे. पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल पर चर्चा करते हुए सीएम साय ने कहा, वहां की जनता वर्तमान ममता बनर्जी सरकार और टीएमसी के कामकाज से असंतुष्ट है. बंगाल में इस बार परिवर्तन की लहर चल रही है और जनता का जनसैलाब भाजपा के पक्ष में उमड़ रहा है.

आज से RCB और KKR मैच के मिलेंगे टिकट

रायपुर. 10 मई के मुकाबले की टिकट बिक्री के बाद अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 13 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होने वाले मैच के टिकट आज से बेचना शुरू करेगी. प्रबंधन के अनुसार, इस मैच के लिए टिकटों के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है. स्टेडियम के सभी स्टैंड्स की कीमतें पहले मैच के समान ही रहेंगी.

बिलासपुर-टिटिलागढ़ पैसेंजर रद्द रहेगी आज

बिलासपुर. पूर्व तटीय रेलवे संबलपुर मंडल के बलांगीर-संबलपुर सेक्शन में गर्डर लांचिंग, डि-लांचिंग कार्य हेतु ट्रेफिक सह पावर ब्लॉक लिया जाएगा. इसके फलस्वरूप दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल से संबंधित गाड़ी संख्या 58213/58214 बिलासपुर-टिटिलागढ़-बिलासपुर पैसेंजर 4 मई को रद्द रहेगी.

कांग्रेस करेगी निगम के जोन-8 का घेराव  

रायपुर. रायपुर पश्चिम विधानसभा अंतर्गत गुढ़ियारी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-19 दुर्गा चौक, बजरंग चौक, बड़ा अशोक नगर समेत आसपास की बस्तियों में पानी की गंभीर समस्या है. पिछले कई दिनों से आमजनों को पानी जैसे मूलभूत समस्या से परेशान होना, पानी टैंकर की उपस्थिति पर्याप्त न होना, वार्डवासियों को एक किमी. दूर से पानी लाना, पूरे वार्ड के सभी बोरिंग का ध्वस्त होना, जैसे विभिन्न मुद्दों को लेकर नगर निगम जोन-8 कार्यालय का घेराव 4 मई को प्रदेश महामंत्री सुबोध हरितवाल के नेतृत्व में किया जाएगा.

narayana

आज से राज्य स्तरीय नौकायन

रायपुर. राजधानी के बूढ़ातालाब में 4 से 6 मई तक राज्य स्तरीय कयाकिंग-केनोइंग (नौकायन) स्पर्धा के तहत अलग-अलग इवेंट आयोजित किये जाएंगे. छत्तीसगढ़ प्रदेश कयाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित इसी स्पर्धा के आधार पर छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए किया जाएगा, जो 8 जून से नवा रायपुर स्टेडियम के पास सेंध जलाशय में होगी. इसमें देश भर के खिलाड़ी शामिल होंगे.

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि बूढ़ातालाब में प्रतियोगिता की तैयारी के लिए खिलाड़ी प्रैक्टिस करते हैं. साल भर पहले वे अपनी प्रैक्टिस नौकाएं आउटडोर स्टेडियम के हॉलनुमा कमरे में रखते हैं. यहां से उन्हें हटा दिया गया. प्रैक्टिस के बाद खिलाड़ी अपनी नौकाएं घर नहीं ले जा सकते. मजबूरन उन्हें तालाब के एक किनारे में ही अपनी ढाई से 3 लाख रुपये कीमती नावें रखनी पड़ती हैं. अब इन्हीं प्रैक्टिस नौकाओं को असामाजिक तत्व क्षतिग्रस्त करने लगे हैं. एसोसिएशन के प्रशांत सिंह रघुवंशी ने बताया कि यहां क्षतिग्रस्त नौकाओं के कारण उन्हें जगदलपुर स्थित एकेडमी से नौकाएं मंगानी पड़ रही हैं. अभी रायपुर में ही जूनियर एवं सबजूनियर नेशनल स्पर्धा होगी. इसके लिए ऑल इंडिया फेडरेशन से एसोसिएशन के अध्यक्ष बलदेव सिंग भाटिया नई नौकाएं मंगा रहे हैं. सोमवार से शुरू हो रही स्पर्धा में के-1, के-2, के-4, सी-1, सी-2 और सी-4 श्रेणी के मुकाबले होंगे. इसमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों का पंजीयन आवश्यक रहेगा. स्पर्धा फेडरेशन के नियमानुसार होगी.

CG बोर्ड द्वितीय मुख्य परीक्षा के फॉर्म आज से

रायपुर. छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की द्वितीय मुख्य परीक्षा 2026 के लिए छात्र आज से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. पहली मुख्य परीक्षा में पंजीकृत सभी छात्र इस परीक्षा के लिए पात्र होंगे. इसके अलावा पूरक, अनुत्तीर्ण और श्रेणी सुधार की इच्छा रखने वाले विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं. वर्ष 2025 के अनुत्तीर्ण छात्र क्रेडिट योजना के तहत अपने विषयों के लिए आवेदन कर सकेंगे. नियमित छात्र अपने स्कूल के माध्यम से और स्वाध्यायी छात्र समन्वय केंद्रों के जरिए आवेदन करेंगे. मंडल ने स्पष्ट किया है कि विलंबित आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. इस परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 मई निर्धारित की गई है.

रायपुर में आज के कार्यक्रम 

रंगकुंज स्मृति संध्या

संस्थान-नाट्य संस्था ‘रूपक’

स्थान- रंग मंदिर सभागार, गांधी चौक

समय- शाम 6.30 बजे से.

योग और ध्यान

संस्थान- विकास परिषद नूतन स्कूल

स्थान- आरडीए कॉलोनी, टिकरापारा

समय- प्रातः 5.15 बजे से.