Bilaspur News Update : बिलासपुर. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में चलती ट्रेन से गिरकर एक यात्री की मौत हो गई. मृतक की पहचान उमेश गिरी (उम्र 30 वर्ष) के रूप में हुई है. वह रायपुर के काशी राम नगर का निवासी था. उमेश गिरी ट्रेन से रायपुर से भोपाल जा रहा था. इसी दौरान रेलवे ब्रिज के पास वह ट्रेन से नीचे गिर गया. हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि मृतक के पिता का नाम राजेश्वर गिरी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक कैसे ट्रेन से गिरा-यह दुर्घटना थी या किसी अन्य कारण से गिरा. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. हादसे की परिजनों को सूचना दे दी गई है.

शिक्षक के साथ मारपीट करने वाला गिरफ्तार

बिलासपुर. बिल्हा थाना क्षेत्र में जनगणना ड्यूटी में लगे एक शिक्षक के साथ मारपीट करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, कसडोल, जिला बलौदाबाजार निवासी नेतराम पैकरा 34 वर्ष ने 2 मई को थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि वे ग्राम घोघरा में शासकीय कार्य जनगणना ड्यूटी के दौरान कार्यरत थे. इसी दौरान घोघरा निवासी निर्मल कुमार कांत (31) ने उनसे विवाद करते हुए “तुम कौन हो, क्या करने आए हो” कहकर शासकीय कार्य में बाधा डाली और मारपीट की. रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने मामला कायम कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित की. त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 मई को आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाया गया. पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया. साथ ही उसके विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है. उक्त कार्रवाई में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक संतोष यादव, आरक्षक अर्जुन जांगडे व संतोष मरकाम की भूमिका रही.

बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन आज

कोरबा. छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में 4 मई को शाम 5 बजे, ओपन थियेटर घंटाघर चौक के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम आयोजित है. उक्त जानकारी देते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्षद्वय मुकेश राठौर एवं मनोज चौहान ने बताया कि बढ़ती महंगाई एवं गैस सिलेण्डर के दामों में भारी बढ़ोत्तरी के विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है. अध्यक्षद्वय ने जिला कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ, अजा एवं अजजा विभाग, पार्षद, पूर्व पार्षद, ब्लॉक कमेटी, मण्डल कमेटी, वार्ड एवं बूथ कमेटी सहित कांग्रेस के समस्त विभाग, मोर्चा संगठन एवं प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं सदस्यों को समय पर उपस्थित होने आग्रह किया है.

कोयले से भरा टीपर बना आग का गोला

कोरबा. कुसमुंडा खदान क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब कोयले से भरी एक टीपर में अचानक आग लग गई. घटना गोदावरी फेस क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां परिवहन कार्य के दौरान यह हादसा हुआ. मिली जानकारी के अनुसार, टीपर में कोयला लोड कर परिवहन किया जा रहा था, तभी अचानक वाहन में शॉर्ट सर्किट हो गया और देखते ही देखते आग भड़क उठी. आग तेजी से फैलने लगी, जिससे चालक की जान पर बन आई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई. बताया जा रहा है कि संबंधित टीपर सोनू-मोनू कंपनी का है, जो खदान क्षेत्र में कोयला परिवहन का कार्य करती है. घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों और सुरक्षा दल ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया. आग लगने से परिवहन कार्य कुछ समय के लिए बाधित हो गया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.

narayana

नगरीय निकायों में लगेंगे सुशासन तिहार शिविर कल से

जांजगीर-चांपा. जिले के नगरीय निकायों में नगर पालिका जांजगीर-नैला में 5 मई को गोशाला स्कूल परिसर में वार्ड क्रमांक 1 से 10 तथा 13 मई को सांस्कृतिक भवन कचहरी चौक में वार्ड क्रमांक 11 से 25 तक के लिए शिविर लगाए जाएंगे. नगर पालिका चांपा में 6 मई को वार्ड क्रमांक 01 रुद्रेश्वर प्रसारण सिंह सामुदायिक भवन में वार्ड क्रमांक 1 से 10 एवं 26-27 तथा 15 मई को छत्रपति शिवाजी खेल सभागृह (इंडोर हॉल) में वार्ड क्रमांक 11 से 25 तक के लिए शिविर आयोजित होंगे. वहीं नगर पालिका अकलतरा में 8 मई को राजेंद्र सिंह उ.मा.वि. वार्ड 05 में वार्ड क्रमांक 1 से 10 तथा 14 मई को कंवर भवन भास्कर प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय वार्ड 12 में वार्ड क्रमांक 11 से 20 तक के लिए शिविर लगाए जाएंगे. नगर पंचायत नवागढ़ में 12 मई को प्रगति क्लब में वार्ड क्रमांक 01 से 15, नगर पंचायत शिवरीनारायण में 19 मई को सत्संग भवन में वार्ड क्रमांक 1 से 15 तथा नगर पंचायत बलौदा में 2 जून को नगर पंचायत कार्यालय में वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे. इसी क्रम में नगर पंचायत सारागांव में 08 मई को सांस्कृतिक भवन में, नगर पंचायत राहोद में 10 जून को नगर पंचायत सभाकक्ष में, नगर पंचायत खरौद में 26 मई को सभाकक्ष में, नगर पंचायत नरीयरा में 2 जून को सभाकक्ष में तथा नगर पंचायत पामगढ़ में 28 मई को सभाकक्ष में वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक के लिए शिविर आयोजित होंगे. इसके अलावा नगर पंचायत बम्हनीडीह में 4 जून को बजरंग मंदिर चौक में भी संबंधित वार्डों के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा.

शादी से लौट रहे परिवार की कार हादसे का शिकार

रायगढ़. खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत देहजरी भालूनारा बेरियर के पास शादी कार्यक्रम से लौट रहे एक परिवार के साथ भीषण हादसा हो गया. उनकी कार और सामने से आ रहे ट्रेलर में टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में 7 लोग घायल हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया. जानकारी के अनुसार खड़गांव और कोईलार का एक परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए लोढ़ाझर जा गया था. जिसके बाद शादी समारोह खत्म होने के बाद वे शनिवार की शाम को वापस अपने गांव लौट रहे थे. इसी बीच खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत देहरजी भालूनारा बेरियर के पास सामने से आ रहे ट्रेलर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे कार सड़क से उछल कर दूसरी ओर जा गिरी. इस दुर्घटना के बाद मौके पर अतऊरा तफरी मच गई. वहीं इस हादसे में कार में सवार 7 लोग बुरी तरह से घायल हो गए.