ललित ठाकुर, राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। पद्मश्री से सम्मानित समाजसेवी फूलबासन बाई यादव (Phoolbasan Bai Yadav) के अपहरण की कोशिश की गई। लेकिन ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ से यह बड़ी घटना टल गई। वहीं मामले में दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

पद्मश्री फूलबासन यादव को किडनैप कर कार में ले जा रही थी महिलाएं

जानकारी के अनुसार, पूरा मामला सुकुल देहान क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि दो महिलाएं कार से पद्मश्री फूलबासन बाई यादव के घर पहुंचीं। दोनों महिलाओं ने उन्हें किसी काम के बहाने कार में बैठने के लिए कहा। इसके बाद फूलबासन बाई कार में दोनों महिलाओं के साथ बैठ गईं। आरोपी उनका मुंह बांधकर नेशनल हाईवे के रास्ते भाग रहे थे।

वाहन चेकिंग के दौरान सामने आया मामला

इसी दौरान क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। जैसे ही पुलिस ने कार को रोका, तभी फूलबासन बाई यादव ने हिम्मत दिखाते हुए इशारे के जरिए पुलिसकर्मियों को बताया कि उनका किडनैपिंग किया गया है। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को पकड़ा और उन्हें सुकुल देहान पुलिस के हवाले कर दिया।

राजनांदगांव एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि आज सुबह करीब 11 बजे ट्रैफिक पुलिस द्वारा रोड पर चेकिंग प्वाइंट लगाया गया था। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन के गुजरने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा कर वाहन को रोका। वाहन रुकवाकर चालक से पूछताछ की गई, जिसमें मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हुआ। पुलिस जब गाड़ी के पास पहुंची तो उसमें छत्तीसगढ़ की पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी फूलबासन यादव बैठी हुई थीं, जो सुकुलदैहान क्षेत्र की रहने वाली हैं। गाड़ी में मौजूद दो लड़कियों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि फूलबासन यादव को मिर्गी का दौरा पड़ रहा है, इसलिए उनका मुंह दबाकर रखा गया है। हालांकि, इसी दौरान फूलबासन यादव ने पुलिस से कहा कि उन्हें जबरदस्ती ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस को शक हुआ और सभी को हिरासत में लेकर चौकी लाया गया।

मुख्य आरोपी खुशबू ने बनाया था किडनेपिंग का प्लान

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि खुशबू साहू नाम की युवती, जो बेमेतरा जिले के बेरला थाना क्षेत्र के भौरी गांव की रहने वाली है, कथित रूप से योजना बनाकर स्कॉर्पियो वाहन लेकर आई थी। उसके साथ दो अन्य सहयोगी भी मौजूद थे। सभी आरोपियों द्वारा फूलबासन यादव को जबरदस्ती वाहन में बैठाकर ले जाया जा रहा था।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें किस कारण से, कहां और क्यों ले जाया जा रहा था। एडिशनल एसपी ने बताया कि फिलहाल वाहन में मौजूद मुख्य आरोपी खुशबू साहू, वाहन चालक, एक अन्य युवक और एक अन्य युवती समेत कुल दो महिलाओं और दो पुरुषों से पूछताछ की जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H