भिलाईनगर। सुपेला थाना अंतर्गत नेहरू नगर पश्चिम की स्क्रैप कारोबारी के पॉश कॉलोनी में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नगदी लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 331 (4), 305 (ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर तहकीकात शुरु कर दी है।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : CM साय लेंगे मंत्रालय में महत्वपूर्ण बैठक… पद्मश्री फूलबासन ही सुरक्षित नहीं, कानून व्यवस्था बदतर : कांग्रेस… आज से 5 खेलों का समर कैंप, पढ़ें और भी खबरें

भिलाईनगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि खुर्सीपार निवासी विनय कुमार अग्रवाल का स्क्रैप और धर्मकाटे का व्यवसाय है। वे पिछले कुछ समय से नेहरू नगर पश्चिम में किराए पर निवास कर रहे थे। 4 मई को उनकी भतीजी की शादी थी। इसमें शामिल होने वे पूरे परिवार के साथ सोमवार को दोपहर 12:30 बजे आम्रपाली वनांचल सिटी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी चले गए थे। शादी पार्टी खत्म होने के बाद रात्रि 2 बजे के लगभग जब विनय कुमार अग्रवाल घर पहुंचे तो सामने के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर आलमारी टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। घर में जो भी सोने-चांदी के जेवरात ये बैंक के लॉकर से लाकर इनकी पत्नी जो शादी में पहनने के लिए रखी थी वह और कुछ नगदी रकम लगभग 1 लाख 40 हजार रुपए नगद घर में नहीं था।

narayana

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी विजय अग्रवाल, सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी, क्राइम डीएसपी यदुमणि सिदार, सुपेला थाना प्रभारी विजय यादव और स्मृति नगर चौकी प्रभारी राजेश साहू मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने भी जांच की। चोरी की वारदात वाले मकान सहित आसपास के अन्य मकानों में सीसीटीवी कैमरे नहीं होना पुलिस के लिए चुनौती बन पड़ा है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घर में करीब 1 लाख 40 हजार रुपए और 45 से 50 लाख रुपये तक के जेवर रखे थे । बताया जा रहा है कि शादी के लिए जेवर बैंक लॉकर से निकालकर घर में रखे गए थे, जिसका फायदा चोरों ने उठाया है।

अफीम कांड का खुलासा करने वाले सरपंच अरुण गौतम पद से बर्खास्त

दुर्ग। ग्राम पंचायत समोदा के सरपंच अरुण गौतम, जिन्होंने पूर्व में अफीम कांड समेत कई मामलों का खुलासा करने का दावा किया था, अब खुद कानूनी शिकंजे में फंस गए हैं। चुनाव याचिका पर सुनवाई करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं विहित प्राधिकारी पंचायत दुर्ग ने उनका सरपंच निर्वाचन शून्य घोषित कर दिया है।

5 मई 2026 को जारी आदेश में कोर्ट ने पाया कि अरुण गौतम ने नामांकन पत्र के साथ प्रस्तुत शपथ-पत्र में अपने विरुद्ध लंबित आपराधिक प्रकरणों की जानकारी छिपाई थी। इसे पंचायत निर्वाचन नियमों का उल्लंघन माना गया।

आदेश में दिए गए निर्देश अरुण गौतम का सरपंच निर्वाचन शून्य घोषित किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत दुर्ग को उप- चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने राज्य निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट भेजने निर्देश दिए गए। याचिकाकर्ता की 500 रुपये प्रतिभूति राशि वापस करने कहा गया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 में अरुण गौतम को 869 वोट मिले थे, जबकि भुनेश्वरी देशमुख को 741 वोट प्राप्त हुए थे।

क्रिकेट मैच पर सट्टा खिला रहे 3 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

दुर्ग। खाली दुकान के भीतर बैठकर गुजरात टाइटन ग्रुप विरुद्ध पंजाब के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच को देखते हुए लोगों से मोबाइल फोन से बात कर मैच हार जीत में पैसों का दांव लगा रहे तीन आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4, 6, 7 एवं धारा 112 (2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि हर्ष राजपूत के घर के खाली दुकान परेतीन चौक में तीन व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट 20-20 गुजरात टाइटन ग्रुप विरुद्ध पंजाब के बीच खेले जा रहे मैच को देखते हुए हार जीत का दांव लगा रहे है। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा। आरोपी हर्ष राजपूत पिता सतीश राजपूत (24 साल) निवासी वार्ड नंबर 3 गया नगर, शुभम चंदेल 22 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 33 शिवपारा तुलसी चौक एवं मोहम्मद इरफान उर्फ राजा 38 वर्ष पिता मोहम्मद इकबाल वार्ड नंबर 8 तकिया पारा ने अपना अपराध स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि वे लोग हार जीत में पैसों का दांव लगाकर मोबाइल फोन में जलवा 247 एप के माध्यम से ऑनलाइन लोगों से सट्टा खिला रहे थे एवं रुपये पैसों का दांव लगा रहे थे। वे लोगों के नाम से पैसे का अंक कॉपी में लिख रहे थे। आरोपियों के पास से नौ नग विभिन्न कंपनी का मोबाइल जिसकी कीमत 70,000 रुपए है एवं नकदी रकम 28,800, एक स्कूटी, कापी, कैलकुलेटर, अंक लिखी सट्टा पट्टी कुल जुमला 1,19,200 रुपए को जब्त किया गया है।

भरी गर्मी में तालाब को खाली करने पर कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेसी

दुर्ग। जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में आज कांग्रेसियों ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर शहर में बढ़ते जल संकट और शक्ति नगर तालाब के खाली करने से जनता की परेशानी से अवगत कराया। बहुत जल्दी जल संकट को दूर करने की मांग की। जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि शहर के 40 वार्ड में जल संकट की स्थिति हो गई है, पानी के लिए लोग परेशान हो रहे हैं और निगम पानी की समस्या में उदासीनता बरत रहा है।

शक्तिनगर तालाब को भी वर्क आर्डर होने के पहले ही सफाई के नाम से पूरा खाली कर दिया गया। इतने दिनों से तालाब खाली होने से वहां की जनता को निस्तार के लिए भी समस्या आ रही है। नगर निगम से लगातार शिकायत तो मांग करने के बाद भी महापौर और नगर निगम इस समस्या के लिए कोई समाधान नहीं कर रहे हैं। अगर जल्दी शहर में जल संकट की समस्या का निदान नहीं हुआ और कांग्रेस जनता के साथ नगर निगम के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करेगी।

घर में खड़ी रही बाइक और दो साल से आता रहा ई-चालान

भिलाईनगर। आम्रपाली वनांचल सिटी निवासी ज्योति कांत अग्रवाल की पिछले दो वर्षों से घर पर बाइक खड़ी थी। रायपुर निवासी एक शातिर युवक अग्रवाल की मोटर साइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर का इस्तेमाल अपनी दुपहिया में कर रहा था। ट्रैफिक नियम का उलंघन वह रायपुर में कर रहा था और ई चालान भिलाई में रहने वाले ज्योति कांत अग्रवाल को मिलता रहा। आखिरकार दुर्ग एसएसपी से शिकायत के बाद आरोपी को दबोच लिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इस मामले का आरोपी अविनाश नायक पिता बेनार नायक (36 वर्ष) राजीव आवास, लाल गंगा मॉल के पीछे गोल बाजार रायपुर का रहने वाला है। उसने अपनी दुपहिया वाहन में फर्जी तरीके से सीजी 07 बीके 7848 रजिस्ट्रेशन नंबर का प्लेट लगा रखा था। यह रजिस्ट्रेशन नंबर भिलाई में रहने वाले ज्योति कांत अग्रवाल के बजाज एवेंजर 220 सीसी मोटर साइकिल का है।

इस नंबर वाली मोटर साइकिल के रायपुर के बॉम्बे मार्केट से मिलेनियम प्लाजा के बीच लगातार ट्रैफिक नियम उलंघन करने का ई चालान अग्रवाल को मिल रहा था। जबकि इस दौरान अग्रवाल की मोटर साइकिल घर पर ही खड़ी रही और न तो वे और न ही उनके किसी रिश्तेदार ने उसमें रायपुर का सफर किया है। आखिरकार भविष्य में कानूनी उलझन में पड़ने की आशंका को देखते हुए ज्योति कांत अग्रवाल ने दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल के समक्ष 20 अप्रैल को लिखित में शिकायत की थी।

बताया जा रहा है कि 7 नवंबर 2023 से 29 मार्च 2026 के दौरान ज्योति कांत अग्रवाल को अलग अलग कुल 11 ई चालान मिलें हैं। जिसमें चालानी राशि 47 हजार 500 रुपए है। एसएसपी को दिए शिकायत पत्र के अनुसार 7 नवंबर 2023 को 2000 रुपए, 01 दिसंबर 2023 को 5000 रुपए 06 जनवरी 2024 को 5000 रुपए, 10 जून 2024 को 5000 रुपए, 27 सितंबर 2024 को 5000 रुपए, 11 दिसंबर 2024 को 5000 रुपए, 16 मई 2025 को 500 रुपए, 24 अक्टूबर 2025 को 5000 रुपए, 04 फरवरी 2026 को 5000 रुपए, 23 मार्च 2026 को 5000 रुपए और 29 मार्च 2026 को 5000 रुपए का ई चालान ज्योति कांत अग्रवाल को मिला।

राजा खुज्जी के लंगड़ा आम का हो रहा इंतजार

राजनांदगांव। देश व विदेशी में प्रसिध्द राजा खुज्जी के लंगड़ा आम की लोगों को बेसब्री से इंतजार है। लेकिन अब तक बाजार में इसकी धमक नही हो पाई है। देरी से निकलने वाले इस फसल को लेकर बाजार में डिमांड अभी से बनी हुई है। हालांकि, वर्तमान में उड़ीसा से लंगड़ा आम की आवक हो रही है। खुज्जी का लंगड़ा आम अपने स्वाद के लिए पहचाना जाता है। इसकी मीठी खुशबू लोगों को खरीदने पर मजबूर कर देता है। इस आम की डिमांड काफी ज्यादा होती है, देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी इस आम की काफी डिमांड है। जिसने भी इस आम करते का स्वाद चखा है, वो इसकी तारीफ नहीं थकता हैं।

राजनांदगांव जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर बसा छोटा सा गांव खुज्जी को लोग राजा खुज्जी भी कहते हैं। ये गांव लंगड़ा आम के लिए विदेशों में भी जाना जाता है। लोग खुज्जी को लंगड़ा आम के कारण जानते हैं। व्यापारियों ने बताया कि, खुज्जी के लंगड़ा आम आमतौर पर जून के महीने में बाज़ार में आते हैं।

मई की शुरुआत में इनकी आवक काफी कम होती है। इसकी आवक जून के पहले सप्ताह में होती हैं। लंगड़ा और चौसा जैसी देर से आने वाली प्रजातियों के लिए अभी इंतजार करना पड़ता है। इस आम की डिमांड छत्तीसगढ़ के बाहर और विदेशों (दुबई) में भी बहुत ज्यादा है, इसलिए यह जल्दी ही बिक जाता है। खुज्जी का यह प्रसिद्ध आम जो 100 से अधिक वर्षों से राजवाड़ा समय से उगाया जा रहा है। आमतौर पर जून के दूसरे सप्ताह के बाद ही पूरी तरह से बाजार में उपलब्ध होती है।

रियासतकाल से हो रही फसल

स्थानीय लोगों ने बताया कि राजा खुज्जी में लंगड़ा आम की फसल रियासतकाल रही है। यहां फसल लगाने के लिए लीज पर से हो जमीन ली जाती है। खेतो से ही बड़े पैमाने पर बाजार में आने से पहले इसकी बिक्री हो जाती है। देश व विदेशों तक इसकी डिमांड बड़ी संख्या में रहती है।

प्रदूषण को लेकर विवाद, पेपर मिल, फूड कंपनी के खिलाफ उतरे ग्रामीण

राजनांदगांव। जिले में पर्यावरण प्रदूषण को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। शिवनाथ नदी में औद्योगिक इकाइयों द्वारा छोड़े जा रहे दूषित पानी से आसपास के गांवों के लोग परेशान हैं। इस मुद्दे को लेकर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कड़ा रुख अपनाया है जिससे प्रशासन और संबंधित कंपनियों पर दबाव बढ़ गया है। लंबे समय से शिकायत होने के बाद भी कहीं कोई कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने आज विरोध प्रदर्शन किया।

जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 5 अर्जुनी की जिला पंचायत सदस्य विभा साहू ने बताया की दो माह पूर्व इन कंपनियों को प्रदूषित पानी के संबंध में अवगत कराया गया था बावजूद इसके कंपनियों द्वारा किसी प्रकार से गंदे पानी को नहीं रोका गया। झींका स्थित धनलक्ष्मी पेपर मिल को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि कंपनी का गंदा पानी सीधे शिवनाथ नदी में प्रवाहित किया जा रहा है। इससे ग्राम सुखरी, बरसनटोला और अन्य निचले क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नदी का पानी उपयोग योग्य नहीं रह गया है पशुओं के पीने के लिए भी असुरक्षित हो चुका है दूषित पानी से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है भूजल स्तर भी प्रभावित हो रहा है ग्रामीणों में इस स्थिति को लेकर गहरा आक्रोश है।

साहू ने अपने पत्र में स्पष्ट कहा है कि यदि कंपनी द्वारा दूषित पानी के प्रबंधन की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो ग्रामीणों द्वारा उच्च स्तर पर शिकायत दर्ज कराई जाएगी जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह कंपनी की होगी। इस मामले में दुल्स पेट फूड प्राइवेट लिमिटेड ने ग्राम पंचायत सुखरी के पत्र का जवाब देते हुए कहा है कि कंपनी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए प्रयोग किए गए पानी को नाली में बहाने की प्रक्रिया रोक दी है भविष्य में भी दूषित पानी नहीं छोड़ा जाएगा।

इसका आश्वासन दिया गया है बारिश के पानी के उचित निकास के लिए ग्राम पंचायत से सहयोग मांगा गया है स्थानीय कर्मचारियों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करने की बात भी कही गई है विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह का औद्योगिक प्रदूषण न केवल जल स्रोतों को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि जलजनित को बढ़ावा देता है कृषि और पशुपालन पर असर डालता है लंबे समय बीमारियों में पूरे क्षेत्र की पारिस्थितिकी को नुकसान पहुंचा सकता है अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और कंपनियां अपने वादों पर कितना अमल करती हैं। ग्रामीणों की नजर अब ठोस समाधान पर टिकी है।

राजनांदगांव में यह मामला सिर्फ एक स्थानीय समस्या नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य से जुड़ा बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह संकट और गहरा सकता है।

आज तहसील कार्यालय में लगेगा मेगा रोजगार मेला

राजनांदगांव। कल बुधवार 6 मई को जिला मुख्यालय के तहसील कार्यालय में मेगा रोजगार मेला लगने जा रहा है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के संजय श्रीवास्तव ने बताया कि इस मेगा रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा 794 पदों की भर्ती की जाएगी। इससे लिए अभी तक 200 से अधिक की संख्या में जिले भर के बेरोजगारों ने अपना पंजीयन कराया है। उन्होंने बताया कि आज 6 मई को तहसील कार्यालय समीप आयोजित इस रोजगार मेले में बेरोजगारों की भीड़ उमड़ेगी और मेले स्थल पर भी पंजीयन कराया जा सकेगा। केंद्र द्वारा इस मेगा रोजगार मेले की व्यापक तैयारियां कर ली गई है।

बता दें कि जिले के साथ आसपास क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगारो के लिए आज बुधवार 6 मई को रोजगार का पिटारा खुलने जा रहा है। आज सुबह साढ़े 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलने वाले इस मेगा रोजगार मेले में 8 कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इस मेले में फायर एंड सेफ्टी डिजास्टर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट – रामनगर सुपेला भिलाई द्वारा केवल पुरुषों के लिए 20 पद व सिक्युरिटी गार्ड के 50 पद, पैकेजिंग स्टाफ के 25 पद व हैवी लायसेंस वाले ड्राइवर के 10 पद वहीं होम केयर टेकर सर्विस के लिए 50 पदों की भर्ती की जाएगी।

टैगो सर्विस द्वारा सिक्युरिटी गार्ड (पुरुष) के 80 पद, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन राजनांदगांव द्वारा होटल मेनेजमेंट के लिए 50 पद (केवल महिला), रेयान इलैक्ट्रिक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा वीडियो एडीटर के 2 पद तथा सेफ इंटेलीजेंट सिक्योरिटी सर्विसेज भिलाई (दुर्ग) द्वारा सिक्युरिटी गार्ड के 150 पद और फील्ड आफिसर के 6 पद, सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 50 पद, लेबर के 100 पद, ट्रेनिंग आफिसर के 2 पद, मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव के 2 पदो के लिए भर्ती की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m