Sushasan Tihar 2026 : पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद. साय सरकार का सुशासन तिहार (Sushasan Tihar 2026) आम जनता की समस्याओं के समाधान का सबसे सशक्त माध्यम बन रहा है. गरियाबंद जिले के देवभोग जनपद क्षेत्र के माडागांव में फरियादी दंपती ने शिविर में अपनी परेशानियों को दंडवत होकर पेश किया. अभियान के उद्देश्य संवाद से समाधान के अनुरूप 24 घंटे के भीतर प्रशासन ने फरियादी के घर पहुंचकर जीरामजी योजना का जॉब कार्ड और राशन कार्ड सौंपा.

दरअसल, सुशासन तिहार के जन समस्या निवारण शिविर में शुक्रवार को सुकलीभाठा नवीन पंचायत के आश्रित ग्राम बरही के पवन सिंह अपनी पत्नी सुकदी बाई के साथ पहुंचे थे. सीईओ प्रखर चंद्राकर के सामने कमार जाति से आने वाले दंपत्ति ने दंडवत होकर राशन कार्ड, आवास जैसी समस्याओं से अवगत कराया. जांच के बाद जनपद सीईओ बी के भगत, कार्यक्रम अधिकारी शिव कुमार नारंगे शनिवार दोपहर बरही गांव स्थित पवन के घर पहुंचकर जीरामजी योजना का जॉब कार्ड और राशन कार्ड दिया.

Sushasan Tihar 2026 : 15 साल पहले परिवार कर गया था पलायन

जानकारी के मुताबिक कमार पवन सिंह अपने पूरे परिवार के साथ बरही में रहता है. ईंट का एक कच्चा आवास भी ग्राम गोहवटिया की ओर से दिया गया था. बरही में 2 एकड़ से ज्यादा जमीन है, जिस पर काश्तकारी भी करते थे. मेहनत के बावजूद गुजारा नहीं होता था, जिसके चलते वह सीमा से लगे नवरंगपुर के जंगलों में जाकर बस गए.

सरकार की योजनाओं में तब्दीली आई, खेती भी फायदेमंद होने लगे, जिसे देखते हुए माह भर पहले ही परिवार लौट आया. लौटने के बाद उन्हें पंचायत से मदद की गुहार लगाई थी.प्रकिया जटिल थी, ऐसे में दंपत्ति को सुशासन तिहार के शिविर का पता चला. जहां पहुंच कर पीड़ितों ने प्रशासन के समक्ष मांगे रखी और 24 घंटे के भीतर वह पूरा हो गया. 

Sushasan Tihar 2026 : आवास का सपना भी होगा पूरा 

सीईओ भगत ने बताया कि पवन सिंह कमार जनजाति से आते हैं. इसलिए पीएम जनमन के तहत जारी सर्वे में नाम भी जुड़वा दिया गया है. आगामी दो से तीन दिनों में उसे आवास निर्माण के लिए ढाई लाख की मंजूरी दे दी जाएगी. परिवार के मुखिया का बैंक खाता खोल दिया गया है. ग्राम पंचायत की निर्देशित किया गया है कि परिवार को सभी प्रकार के योजनाओं से लाभान्वित किया जाए. जिला पंचायत सीईओ के संवेदनशीलता से दंपत्ति के समस्या के त्वरित निराकरण की अब जम कर तारीफ हो रही है.