अंबागढ़ चौकी। तेज रफ्तार वाहन ने एक मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया, जिससे मोटरसाइकिल चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई. बाइक पर उसके साथ बैठी उसकी मंगेतर घायल हो गई. यह हादसा ग्राम बिहरीकला में हुआ. पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है. घटना की जांच की जा रही है.
जानकारी के अनुसार, जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम सरोली थाना खडगांव निवासी एक किसान ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 1 फरवरी को उसका पुत्र कामता प्रसाद उर्वशा अपनी होने वाली पत्नी भारती रावटे के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 एबी 4587 से राजनांदगांव टीईटी परीक्षा दिलाने गया था. परीक्षा बाद दोनों शाम को वापस घर लौट रहे थे. रिपोर्ट के अनुसार शाम लगभग 8.45 बजे ग्राम बिहरीकला चौक के पास पीछे से आ रहे वाहन क्रमांक सीजी 06 एचपी 9555 के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी भीषण थी कि कामता प्रसाद उर्वशा के सिर के ऊपर से वाहन का पहिया गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलने पर परिजन शासकीय अस्पताल अंबागढ़ चौकी पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कामता प्रसाद उर्वशा को मृत घोषित कर दिया. हादसे में साथ बैठी उसकी मंगेतर भारती रावटे के दाहिने हाथ में भी चोट आई है. शिकायत पर पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है.
शेयर मार्केट में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाला आरोपी
राजनांदगांव। शेयर मार्केट में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर लगभग 82 लाख रुपए से अधिक की ठगी करने का मामला सामने आया है. आरोपी ने कुल 7 लोगों से ठगी की थी . शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गाजियाबाद उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू ने बताया कि आरोपी का नाम धनीराम सिन्हा पिता हीरा राम सिन्हा उम्र 40 वर्ष निवासी गोकुलधाम गोकुलनगर थाना बसंतपुर राजनांदगांव है. उन्होंने बताया कि कई प्रार्थियों द्वारा लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि धनीराम सिन्हा नामक व्यक्ति द्वारा शेयर मार्केट में पैसा निवेश कराने पर राशि दोगुनी कर वापस करने का झांसा देकर धोखाधड़ी की गई है.
शिकायत पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 592/2025, धारा 420 भा.दं.वि. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में आरोपी की गिरफ्तारी हेतु टीम गठित कर लगातार प्रयास किए जा रहे थे. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद क्षेत्र में होने की जानकारी प्राप्त हुई. गठित टीम द्वारा गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा के गौर सिटी क्षेत्र में दबिश देकर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया.
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धनीराम सिन्हा बताया तथा अपराध करना स्वीकार किया. आरोपी के कब्जे से 4 एटीएम कार्ड, 1 पासबुक एवं 3 मोबाइल फोन जप्त किए गए. जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा कई प्रार्थियों से शेयर मार्केट में अधिक मुनाफा दिलाने के नाम पर लगभग 82 लाख 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी की गई है. आरोपी के विरुद्ध थाना बसंतपुर के अतिरिक्त थाना डोंगरगढ़ एवं जिला दुर्ग में भी धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज पाए गए हैं. आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
फसल बीमा में फर्जीवाड़ा पर ग्रामीण कृषि अधिकारी सहित तीन गिरफ्तार
छुरिया। दूसरे की भूमि पर लगी केले की फसल को चना फसल बात कर लगभग 24 लाख रुपए का फर्जीवाड़ा करने वाले एक ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सहित तीन लोगों को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है. फसल बीमा घोटाले में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी का नाम सामने आने से इस गड़बड़ी में कुछ विभागीय अधिकारियों की संलिप्तता भी उजागर हो चुकी है.
जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उसमें एक बीमा एजेंट भी शामिल है. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. छुरिया पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम आमगांव, थाना छुरिया स्थित रैलिस बायो एनर्जी प्रा. लिमिटेड के पार्टनर जय बग्गा, वैभव गोलछा एवं सुदर्शन वर्मा के नाम दर्ज 34 खसरा, लगभग 50 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर विगत एक वर्ष से अधिक समय से केले की फसल लगी हुई थी.
उक्त भूमि पर वर्ष 2024-25 चना फसल दर्शाकर फर्जी तरीके से विभागीय योजना के राशि 23, 28, 944.35 रुपए को अमित वर्मा पद ब्लॉक कोऑर्डिनेटर भारतीय कृषि बीमा कंपनी एवं सी.एस.सी. संचालक परमेश्वर साहू के विरुद्ध कृषि विभाग द्वारा लिखित प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने पर आरोपी अमित वर्मा एवं परमेश्वर साहू के विरुद्ध अपराध क्रमांक 294/2025 धारा 316(5), 318 (4), 336(2), 336(3), 338, 340(2), 61 (2) बी. एन. एस. के तहत 12 दिसंबर 2025 को अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था. विवेचना कार्यवाही के दौरान घटना कारित करने वाले दो आरोपियों अमित वर्मा एवं परमेश्वर साहू को 14 दिसंबर 2025 को मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमाण्ड प्राप्त कर जेल भेजा गया था.
ज्ञात हो कि केंद्र सरकार द्वारा किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाने के पहले प्रीमियम की राशि जमा कराई जाती है. जिसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को अधिकृत किया जाता है, लेकिन अधिकारी और कर्मचारी किसानों को ही फसल बीमा के नाम पर लूटते नजर आ रहे हैं. छुरिया विकासखंड में कुछ इसी प्रकार का मामला उजागर होने के बाद से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है.
मोतीपुर में प्रार्थना सभा को बंद कराने वार्डवासियों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
राजनांदगांव. मोतीपुर वार्ड नं. 3 व 8 और 2 में महेश वर्मा अपने निजी मकान में अवैध रूप से प्रार्थना समा का संचालन किए जाने के मामले में वार्डवासी एकजूट हो गए है. उन्होंने एसपी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल इसे बंद कराने की मांग की है.
वार्डवासियों ने कहा है कि प्रत्येक रविवार को महेश वर्मा द्वारा 30 से 50 हिन्दुओं को अपने घर में इकट्ठा करके उनको लालच और भय के माध्यम से उनका मतांतरण एवं धर्मान्तरण किया जा रहा है. सभी मोतीपुरवासी उक्त प्रार्थी सभा से चिंतित व भयभीत भी है कि, हम इन सभी मतांतरण और धर्मान्तरण का विरोध तो करते ही है. साथ ही यह चिन्ता भी व्यक्त करते हैं कि हमारे मोतीपुरवासी में प्रति रविवार को अनजान लोगो की उपस्थिति से हमारे बच्चों व संपत्ति को खतरा भी है, इसलिए हम मोतीपुरवासी सर्वसम्मति से यह निवेदन करते हैं कि हमारे वार्ड में सभी आवासीय मकान है, जो केवल आवास हेतु काम में लिया जाना चाहिए और अन्य कोई भी गतिविधि यहाँ संचालित नहीं किया जाए. अनावश्यक रूप से हर सप्ताह बाहरी लोगों की भीड़ यहा इकट्ठा नहीं होने की बाते कही है. उन्होने प्रार्थना सभा को तत्काल प्रभाव से बंद कराने की मांग की है.
होलिका दहन के लिए शुरू हुई तैयारी
राजनांदगांव। संस्कारधानी राजनांदगांव जिले में भी होलिका पर्व की तैयारी अभी से ही शुरू कर दी गई है. राजनांदगांव जिला मुख्यालय के विभिन्न चौक चौराहों पर होलिका दहन के लिए अभी से ही अंडी लगाने का कार्य भी शुरू हो गया है. वही शहर के बाजार में भी होलिका पर्व की तैयारी शुरू हो गई है. ज्ञात हो कि हिंदू धर्म का सबसे प्रमुख त्योहारों में होलिका का पर्व भी विशेष महत्व रखना है.
ज्योतिष पंचांग से मिली जानकारी के मुताबिक इस वर्ष को होलाष्टक की शुरुआत 24 फरवरी से हो रही है. जोकि फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि 3 मार्च तक रहेगा. पंडित श्री शुक्ला ने बताया कि होलिका दहन आगामी 3 मार्च को किया जाएगा. होलिका दहन के साथ रंगोत्सव का पर्व मनेगा. नगर सहित अंचल भर में अभी से ही होलिका पर्व को धूमधाम के साथ मनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है. चौक चौराहों में होलिका दहन के लिए अंडी लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है.
फाल्गुन मास की शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि 24 फरवरी को पड़ रही है. होलिका दहन के आठ दिन पहले होलास्टक लगता है. 24 फरवरी से ही होलाष्टक की शुरुआत होगी. ऐसे में इस अवधि में शुभ कार्यों पर पूरी तरह से मनाही रहेगी. ज्ञात हो कि राजनांदगांव जिले में भी होली का पर्व धूमधाम के साथ मनाया जाता है. जिसके चलते बाजार में अभी रौनक दिखाई देने लगी है. प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी व्यापारियों द्वारा रंग बिरंगी पिचकारियों से लेकर गुलाल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है होलाष्टक लगने के साथी होलिका पर्व की तैयारी में और तेजी आएगी और बाजार में भी रौनक बढ़ेगी.
10वीं और 12वीं बोर्ड के परीक्षा आगामी 20 से
राजनांदगांव। आगामी 20 फरवरी से 10वीं 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होनी हैं. जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है. बोर्ड परीक्षा के लिए राजनाथ गांव जिले में केंद्रों की व्यवस्था की जा रही है. जहां पर फर्नीचर से लेकर बिजली और पानी की भरपूर व्यवस्था सुनिश्चित कराने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है. तो वहीं दूसरी ओर पाठ्यक्रम को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं भी ली जा रही है. विशेषरूप से कमजोर बच्चों के लिए अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से परीक्षा परिणाम में सुधार लाने का प्रयास भी शुरू कर दिया गया है. परीक्षा परिणाम में सुधार लाने के लिए वशिष पहल भी शुरू कर दी गई है. प्राचार्य भी पूरी तरह से तैयारी में जुटे हुए हैं.
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड द्वारा आयोजित की जाने वाली 10वीं तथा 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू होनी है, जिनकी समय सारणी पूर्व में ही घोषित कर दी गई है. परीक्षा के लिए राजनादगांव जिले में 88 परीक्षा केंद्र में बनाए जा रहे हैं. बोर्ड परीक्षा शुरू होने के अब कुछ ही दिन शेष होने के कारण पाठ्यक्रम को पूर्ण कराने के लिए जिला शिक्षा विभाग द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है. प्री बोर्ड की परीक्षा में जिन शालाओं का परीक्षा परिणाम बेहतर नहीं रहा है वहां पर विशेष नजर रखी जा रही है.
अछोली में दो दिवसीय रामायण महोत्सव 7 से
डोंगरगढ़। विकासखंड के ग्राम अछोली में प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी आगामी 7 एवं 8 फरवरी दिन शनिवार एवं रविवार को दो दिवसीय भव्य मानस प्रचार प्रसार का आयोजन किया जा रहा है. जिसमें 7 फरवरी को प्रातः 7 स्थापना पूजा, 8 बजे मातृ पितृ पूजन 10 मानस गान सुभारम्भ, एवं संध्या 7 बजे महा आरती, का कार्यक्रम निर्धारित है, युक्त रामायण महोत्सव में राज्य के विभिन्न जिलों के 16 ख्याति प्राप्त मानस मंडलीय राम रसगान कर जनमानस को भक्ति में सरोवर करने का प्रयास करेंगे. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजक मंच श्री शारदा मानस मंडली के सदस्यों ने लोगों से उपस्थिति की अपील की है.
अछोली में 5 फरवरी को मंडई मेला का आयोजन
डोंगरगढ़। ग्राम अछोली में आगामी 5 फरवरी दिन गुरुवार को पुराना अछोली के गौठान में मंडई मेला का आयोजन किया जायेगा. 6 फरवरी शुक्रवार को दिन में जय छत्तीसगढ़ी महतारी नाच पार्टी कुम्हारी का कार्यक्रम भी आयोजित है, जिसमें आयोजन समिति के सदस्य ग्राम सरपंच नंदकुमार साहू अपने आंचल के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


