Rajasthan News: सीकर जिले में आज शनिवार से शुरू होने वाले विश्वविख्यात खाटू श्याम जी मेले में सुरक्षा के लिए 5000 से ज्यादा पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। पदयात्रियों की परंपरा को ध्यान में रखते हुए रिंगस से खाटू तक 17 किलोमीटर लंबा विशेष पैदल कॉरिडोर तैयार किया गया है। यह मेला 28 फरवरी तक भरेगा। मेले में करीब 35 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके दृष्टिगत राजस्थान पुलिस, जिला प्रशासन और मंदिर कमेटी ने मिलकर सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की व्यापक तैयारियां की हैं।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इस वर्ष तकनीकी नवाचार और आधुनिक प्रबंधन प्रणाली पर विशेष जोर दिया गया है। विशेष कॉरिडोर पूरी तरह वाहनों से मुक्त रहेगा। पूरे रास्ते में पेयजल, प्रकाश, शौचालय और विश्राम स्थल की व्यवस्था रहेगी तथा पुलिस की सतत निगरानी रहेगी।

मेले को 22 मुख्य सेक्टर और 350 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग, अस्थायी चौकियां और अतिरिक्त बल की व्यवस्था की गई है। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से कंट्रोल रूम के माध्यम से रीयल-टाइम निगरानी होगी। मंदिर परिसर और प्रवेश द्वारों पर 44 डिजिटल एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, जिन पर दर्शन की प्रतीक्षा अवधि, पार्किंग स्थिति, सुरक्षा निर्देश, मौसम अलर्ट और आपात नंबर प्रदर्शित होंगे।

12 पुलिस सहायता बूथ

मेला परिसर में 12 पुलिस सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं, जो लैंडलाइन और वायरलेस सुविधा से जुड़े रहेंगे। यहां गुमशुदा व्यक्ति या सामान से संबंधित जानकारी और त्वरित सहायता मिलेगी।

रथ यात्रा के लिए विशेष मूवमेंट प्लान

27 फरवरी को एकादशी के अवसर पर निकलने वाली रथ यात्रा के लिए विशेष सुरक्षा योजना बनाई गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बैरिकेडिंग, मजिस्ट्रेट तैनाती और पुलिस बल रहेगा। भीड़ नियंत्रण के लिए पूर्व निर्धारित डायवर्जन लागू रहेगा। सभी पार्किंग स्थलों के लिए क्यूआर कोड और रंगीन पहचान चिह्न लगाए गए हैं।

रंग-कोडेड निःशुल्क पार्किंग व्यवस्था

प्रतिदिन आने वाले 25 हजार से अधिक वाहनों के लिए चार बड़े पार्किंग स्थल विकसित किए गए हैं। बावन बीघा में पीला रंग, सांवलपुरा में हरा रंग, लामिया रोड पर नीला रंग और दातारामगढ़ में गुलाबी रंग वाले पासधारी वाहन पार्क किए जा सकेंगे।पार्किंग से दर्शन स्थल तक आवागमन के लिए 2000 ई-रिक्शा पास जारी किए गए हैं। श्रद्धालु मात्र 25 रुपए में मंदिर तक पहुंच सकेंगे।

पढ़ें ये खबरें