जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में बहुचर्चित जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले को लेकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की विशेष अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में गिरफ्तार 10 आरोपियों को कोर्ट ने 5 मार्च तक के लिए न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया है। एसीबी ने आरोपियों से पूछताछ के लिए दो दिन की अतिरिक्त रिमांड मांगी थी, जिसे अदालत ने बचाव पक्ष की दलीलों के बाद सिरे से खारिज कर दिया।

कोर्ट में रिमांड पर तीखी बहस
पिछली पेशी के दौरान कोर्ट ने आरोपियों को तीन दिन की रिमांड पर भेजा था। रिमांड अवधि खत्म होने पर जब एसीबी ने दो दिन का और समय मांगा, तो बचाव पक्ष के वकील गौरीशंकर खंडेलवाल ने इसका पुरजोर विरोध किया। खंडेलवाल ने दलील दी कि एसीबी के पास पूछताछ के लिए कोई ठोस आधार या नए बिंदु शेष नहीं हैं। कोर्ट ने बचाव पक्ष की दलील को सही मानते हुए रिमांड की मांग को नामंजूर कर दिया और सभी आरोपियों को जेल भेजने के आदेश दिए।
979 करोड़ का भ्रष्टाचार: फर्जी अनुभव और घटिया पाइप
यह घोटाला ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर जल पहुंचाने की योजना में 979 करोड़ रुपये से अधिक की अनियमितताओं से जुड़ा है। जांच में सामने आया है कि ठेकेदारों ने मिलीभगत कर फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र बनवाए और बड़े टेंडर हासिल किए। टेंडर मिलने के बाद कई इलाकों में मानक से बेहद कम गुणवत्ता वाले पाइप डाले गए। चौकाने वाली बात यह भी है कि कई स्थानों पर बिना काम किए ही करोड़ों रुपये का भुगतान उठा लिया गया।
जांच के घेरे में बड़े नाम
एसीबी की जांच की आंच अब विभाग के बड़े रसूखदारों तक पहुंच गई है। पूर्व मंत्री महेश जोशी और रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल इस जांच के रडार पर हैं। सूत्रों के अनुसार, रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल समेत तीन प्रमुख आरोपियों की तलाश में एसीबी की टीमें जयपुर सहित तीन अन्य शहरों में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
जेजेएम घोटाला: अधिकारियों और ठेकेदारों का अपवित्र गठबंधन
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना में राजस्थान में हुए इस भ्रष्टाचार ने प्रशासनिक तंत्र पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। आरोप है कि जलदाय विभाग (PHED) के उच्चाधिकारियों और ठेकेदारों के बीच एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा था। फिलहाल एसीबी के साथ-साथ प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी इस पूरे नेटवर्क की वित्तीय परतों को खोलने में जुटा है।
पढ़ें ये खबरें
- Khargone News: खजुराहो नृत्य समारोह देखने विदेशी पर्यटकों में उत्सुकता, सीट नहीं मिली तो खड़े रहकर उठाया कार्यक्रम का आनंद, 90 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस मीनाक्षी शेषाद्री ने गांव तक शास्त्रीय नृत्य ले जाने की कही बात
- Final में होगी इन 2 टीमों की टक्कर, राहुल द्रविड़ की भविष्यवाणी, इस छोटी टीम का लिया नाम
- देश के विकास में बाधा बन रही कांग्रेस, भभुआ में भाजयुमो ने निकाला मार्च, एआई समिट विवाद पर राहुल गांधी का पुतला दहन
- आम जनता को बड़ी राहत, CM धामी ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए 275 करोड़ की दी स्वीकृति
- NZ vs PAK T20 WC : बारिश में धुला पहला सुपर-8 मैच, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान को मिले 1-1 अंक

