National Morning News Brief (नेशनल मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (22 फरवरी 2026) की खबरों में भारत की अध्यक्षता में ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट’ को ऐतिहासिक सफलता, अफगानिस्तान पर पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक, यूक्रेनी ड्रोन ने रूस की हथियार बनाने वाली फैक्ट्री उड़ाई, भारत मे बड़ी आतंकी साजिश बेनकाब, चुनाव से पहले ममता बनर्जी ने भाषा को बनाया बड़ा हथियार? प्रमुख रहा।

भारत की अध्यक्षता में ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट’ को ऐतिहासिक सफलता

भारत की अध्यक्षता में आयोजित पांच दिवसीय ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ शुक्रवार को ऐतिहासिक सफलता के साथ संपन्न हुई। इस समिट में अमेरिका, चीन, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन समेत 88 देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने ‘नई दिल्ली डिक्लेरेशन ऑन एआई इम्पैक्ट’ पर हस्ताक्षर किए। यह घोषणापत्र केवल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के भविष्य के लिए एक वैश्विक रूपरेखा तैयार नहीं करता, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते कूटनीतिक और तकनीकी प्रभाव को भी दर्शाता है। अधिकारियों के अनुसार, समिट के दौरान AI के नैतिक, सामाजिक और आर्थिक प्रभावों पर भी व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

पढ़े पूरी खबर…..

अफगानिस्तान पर पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक

पाकिस्तान ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात में अफगानिस्तान बॉर्डर के पास आतंकियों के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की. पाकिस्तान का दावा है कि इन हमलों में उन आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया है, जो पाकिस्तान के भीतर हालिया फिदायीन हमलों के लिए जिम्मेदार थे. बताया जा रहा है इन एयरस्ट्राइकों में कई लोगों की मौत भी हुई है. पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा कि पाकिस्तान की यह मांग बिल्कुल जायज है कि अफगान क्षेत्र का इस्तेमाल पाकिस्तान के अंदर आतंकवाद के लिए नहीं किया जाना चाहिए. इसलिए, जब तक यह मांग पूरी नहीं हो जाती, धैर्य रखते हुए, सभी विकल्प खुले रहेंगे. अफगान सरकार ने कहा कि पाकिस्तान ने मदरसे पर हमला किया है. साथ ही दावा किया कि इन हमलों में 19 आम लोगों की मौत हुई है.

पढ़े पूरी खबर…..

यूक्रेनी ड्रोन ने रूस की हथियार बनाने वाली फैक्ट्री उड़ाई

यूक्रेनी ड्रोन ने रूस के उदमुर्त गणराज्य में एक इंडस्ट्रियल साइट को निशाना बनाया. स्थानीय स्वास्थ्य मंत्री सर्गेई बागिन के अनुसार इस हमले में 11 लोग घायल हुए, जिनमें से तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह हमला क्षेत्र के लिए एक गंभीर सुरक्षा चुनौती बन गया है. रूसी टेलीग्राम चैनल ने दावा किया कि यह हमला वोटकिंस्क मशीन बिल्डिंग प्लांट पर हुआ है, जो एक प्रमुख सरकारी रक्षा संयंत्र है और इस्कंदर बैलिस्टिक मिसाइल और परमाणु क्षमता वाली इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइलों का उत्पादन करता है. यह प्लांट यूक्रेन से लगभग 1400 किलोमीटर दूर स्थित है.

पढ़े पूरी खबर…..

भारत मे बड़ी आतंकी साजिश बेनकाब

भारत में एक बड़ी आतंकी साज़िश का खुलासा हुआ है. सुरक्षा एजेंसियों ने तमिलनाडु के तिरुप्पुर ज़िले में कार्रवाई करते हुए 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन आरोपियों के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और बांग्लादेश के आतंकी संगठनों से जुड़े हो सकते हैं. सभी आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली लाया जा रहा है.आरोपियों में बांग्लादेश के नागरिक भी शामिल हैं. इन लोगों पर आरोप है कि उन्होंने पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठन के समर्थन में सोशल मीडिया पर कमेंट पोस्ट किए थे.

पढ़े पूरी खबर…..

चुनाव से पहले ममता बनर्जी ने भाषा को बनाया बड़ा हथियार?

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने फिर से भाषाई अस्मिता, बांग्ला और बंगालियों की अवहेलना को मुद्दा बनाना शुरू किया है और इसे लेकर शनिवार को भाजपा पर निशाना साधा है. अंतरराष्ट्रीय भाषा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ममता बनर्जी ने दूसरे राज्यों में बांग्ला भाषा बोलने पर लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि हम 21 फरवरी को सिर्फ भाषा का दिवस नहीं मानते, बल्कि यह इंसानियत और हर भाषा का दिन है. यह दिन एकजुटता की झलक है और उन लोगों को श्रद्धांजलि है जिन्होंने अपनी जान कुर्बान कर दी. हम सभी भाषाओं का सम्मान करते हैं, क्योंकि हम रामकृष्ण के लोग हैं.

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

बाबा बैद्यनाथ धाम में मिली गौतम अडानी को असीम शांति: देश के दिग्गज उद्योगपति और अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी रविवार को झारखंड के देवघर पहुंचे. यहां उन्होंने द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक, विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में मत्था टेका और भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया. उनके इस दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. बाबा मंदिर के गर्भ गृह में पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई. दर्शन के उपरांत मीडिया से मुखातिब होते हुए गौतम अडानी ने कहा- मेरी लंबे समय से इच्छा थी कि बाबा धाम आकर महादेव के दर्शन करूं. यहां आकर असीम शांति मिली है. मैंने भगवान भोलेनाथ से झारखंड सहित पूरे देशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा है. (पढ़े पूरी खबर)

ट्रंप की टेबल पर पहुंचा ईरान के सुप्रीम लीडर अटैक का प्लान: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान को न्यूक्लियर एनरिचमेंट जारी रखने की अनुमति दे सकते हैं, बशर्ते तेहरान यह भरोसा दे कि वह परमाणु बम बनाने की दिशा में कोई भी संभावित रास्ता नहीं छोड़ेगा. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अगर ईरान अमेरिका की मांगों को नहीं मानता तो ट्रंप प्रशासन के पास कठोर सैन्य विकल्प भी तैयार हैं.यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जब अमेरिका मध्य पूर्व में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा रहा है. माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच कूटनीतिक समझौते की संभावनाएं कम होती जा रही हैं और तनाव तेजी से बढ़ रहा है. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि पेंटागन ने संभावित कार्रवाई के कई विकल्प तैयार किए हैं, जिनमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई, उनके संभावित उत्तराधिकारी मोजतबा खामेनेई और धार्मिक नेतृत्व को निशाना बनाने जैसे विकल्प भी शामिल हैं. (पढ़े पूरी खबर)

PM तारिक रहमान ने फिर पलटा यूनुस का फैसला: अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने डोनाल्ड ट्रंप की ओर से अलग-अलग देशों पर लगाए गए टैरिफ को गैर-कानूनी बताकर रद्द कर दिया. इसके तुरंत बाद ट्रंप ने 10 फीसदी ग्लोबल टैरिफ की घोषणा कर दी. इस बीच तारिक रहमान की सरकार ने शनिवार (21 फरवरी 2026) को कहा कि ट्रंप प्रशासन के मनमाने टैरिफ रद्द होने के बाद बांग्लादेश अमेरिका के साथ अपने ट्रेड एग्रीमेंट की समीक्षा करेगा. बांग्लादेश के वाणिज्य मंत्रालय के WTO विंग की अधिकारी सचिव खदीजा नाजनीन ने द डेली स्टार को दिए इंटरव्यू में कहा कि अब हम पहले यूएस के साथ व्यापार समझौते का विश्लेषण करेंगे और फिर कोई फैसला लेंगे. (पढ़े पूरी खबर)

3 सीटों ने बिगाड़ा उद्धव-राज का खेल: मुंबई की राजनीति में शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के बीच बना तथाकथित मराठी यूनाइटेड फ्रंट अब टूट की कगार पर बताया जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, हालिया बीएमसी चुनावों के बाद दोनों दलों के रिश्तों में खटास बढ़ गई है. बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत मनोनीत पार्षदों की तीन सीटों के बंटवारे को लेकर हुई. मनसे ने इनमें से एक सीट की मांग की थी लेकिन उद्धव ठाकरे ने स्वीकार नहीं किया. इसके बाद दोनों दलों के बीच तनातनी खुलकर सामने आने लगी. (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m