पटना। बिहार के मौसम में इन दिनों विरोधाभासी रंग देखने को मिल रहे हैं। सुबह-शाम की हल्की गुलाबी ठंड के बीच दोपहर की चटक धूप ने राज्य में समय से पहले गर्मी का अहसास करा दिया है। सोमवार को कैमूर में पारा 31.1°C तक पहुंच गया, जिसने संकेत दे दिए हैं कि बिहार में ‘समर सीजन’ की एंट्री हो चुकी है।

​दिन में गर्मी, शाम को ठंड

​पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, वर्तमान में राज्य का मौसम स्थिर बना हुआ है। हालांकि, दिन और रात के तापमान में जो बड़ा अंतर आ रहा है, उसने लोगों की दिनचर्या बदल दी है। दोपहर में धूप इतनी तेज है कि पसीने छूटने लगे हैं, जिसके कारण अधिकांश लोग गर्म कपड़ों से तौबा कर चुके हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3-4 दिनों के बाद न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान में और उछाल आएगा।

​प्रमुख जिलों के तापमान के आंकड़े

​23 फरवरी को कैमूर के बाद राजगीर (30.7°C) और शेखपुरा (30.1°C) सबसे गर्म रहे। पटना का पारा भी 29.6°C तक पहुंच गया। वहीं, रात के तापमान की बात करें तो भागलपुर का सबौर 12.2°C के साथ सबसे ठंडा रहा। मुजफ्फरपुर और वैशाली जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई, जिससे रातें अभी भी ठंडी बनी हुई हैं।