एसआर रघुवंशी, गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले के कुंभराज थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम को मृगवास मार्ग पर गणेशपुरा के पास एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। कुंभराज कृषि उपज मंडी से धनिया बेचकर घर लौट रहे किसान बाबूलाल मीणा (60) की ट्रैक्टर-ट्रॉली ढलान वाले इलाके में अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में घर निर्माण के लिए लदी भारी मात्रा में लोहे की सरियाँ (करीब 10 क्विंटल) नीचे बैठे लोगों पर गिर गईं।

इस भीषण हादसे में बाबूलाल मीणा (60), जगदीश अहिरवार (45) और रमन अहिरवार (22) की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों एक ही गांव (बकोन्या) के निवासी थे। सरियों के नीचे दबे शवों को निकालने में ग्रामीणों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। एक ही परिवार/गांव से तीन लोगों की एक साथ मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे के बाद मृगवास मार्ग पर लंबा जाम लगा रहा, क्योंकि सरियाँ सड़क पर बिखर गई थीं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग और ढलान पर स्पीड कंट्रोल न होने को मुख्य कारण माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m