बिलासपुर। फर्जी सर्टिफिकेट के सहारे नौकरी कर रहे एक शिक्षक की याचिका हाईकोर्ट ने रद्द कर दी। शिक्षक ने राज्य शासन द्वारा किए गए बर्खास्तगी आदेश को चुनौती देते हुए याचिका दायर की थी। सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने सेवा समाप्ति इस तरह की सेवा कानून की नजर में शून्य है।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : जशपुर दौरे पर रहेंगे सीएम साय, खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में देशभर के पहलवान दिखाएंगे दम, BSC नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन शुरू, अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन निःशुल्क कोचिंग…समेत पढ़ें अन्य खबरें

कोर्ट ने अपने फैसले में कहा, धोखाधड़ी से हासिल किए गए नौकरी कानून की नजर में अक्षम्य अपराध है, ऐसे मामलों में विभागीय जांच के बिना भी सेवा समाप्ति का आदेश जारी किया जा सकता है। कोंडागांव जिले में पदस्थ एक शिक्षक ने अपनी सेवा समाप्ति के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।

शिक्षक ने अपनी याचिका में कहा, बिना उचित जांच के उसे नौकरी से हटाया गया है, जो गलत है। मामले की सुनवाई के दोरान हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता के तर्कों को खारिज करते हुए कहा, कि, यदि नियुक्ति ही फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हुई है, तो वह प्रारंभ से ही अमान्य मानी जाएगी। पंडित रविशंकर शुक्ल विवि रायपुर ने याचिकाकर्ता शिक्षक द्वारा प्रस्तुत मार्कशीट को फर्जी घोषित किया था।

सरकार के फैसले को ठहराया सही

याचिका की सुनवाई जस्टिस पीपी साहू की सिंगल बेंच में हुई। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है, कि ऐसे मामलों में विस्तृत विभागीय जांच की आवश्यकता नहीं है। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है, जब कोई व्यक्ति फर्जी दस्तावेजों के जरिए नौकरी हासिल करता है, तो वह सेवा का हकदार नहीं होता और उसकी नियुक्ति स्वतः ही शून्य हो जाती है।

डेयरी फार्म से जर्सी गाय की चोरी

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम चोरभट्ठीकला में डेयरी फार्म से जर्सी नस्ल की एक गाय चोरी होने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर रात के अंधेरे में डेयरी फार्म का ताला तोड़कर और बाउंड्री की जाली काटकर गाय को ले गए। पीड़ित रामदयाल यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव में डेयरी फार्म संचालित करता है, जहां करीब 25 जर्सी नस्ल की गायें हैं। गायों की देखभाल के लिए उसने शिवकुमार सिदार नाम का एक वर्कर रखा है, जो डेयरी परिसर में ही रहता है।

रात में चारा खिलाकर सोया वर्कर

19 मार्च की रात वर्कर ने सभी गायों को चारा-पानी देने के बाद रोज की तरह सो गया। अगली सुबह 20 मार्च को करीब 4 बजे जब वह उठा तो देखा कि एक गाय गायब है। जांच करने पर डेयरी का ताला टूटा हुआ मिला और बाउंड्री की जाली व सीमेंट के खंभे भी क्षतिग्रस्त थे। इसके बाद वर्कर ने तुरंत इसकी जानकारी मालिक रामदयाल यादव को दी। सूचना मिलने के बाद रामदयाल यादव 21 मार्च को डेयरी फार्म पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। वहां एक गाय गायब मिली और ताला व जाली पूरी तरह टूटी हुई थी। पीड़ित ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

शराब के नशे में पति ने पत्नी पर किया पत्थर से हमला

बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम धौराभाठा में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में घर पहुंचे एक व्यक्ति ने पत्नी पर चरित्र शंका करते हुए गाली-गलौज की और फिर पत्थर से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए बेटे को भी आरोपी ने जमीन पर पटककर घायल कर दिया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह घरेलू काम करती है, और अपने तीन बच्चों के साथ गांव में रहती है। उसका पति नारायण प्रसाद आए दिन शराब पीकर घर में विवाद करता है। घटना 26 मार्च की सुबह करीब 10:30 बजे की है। उस समय महिला अपने बच्चों के साथ घर में थी। तभी उसका पति शराब के नशे में घर पहुंचा और उसके चरित्र पर संदेह करते हुए गाली-गलौज करने लगा। पत्नी और बड़े बेटे रवि ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह और ज्यादा आक्रोशित हो गया।

मां के साथ बेटे को भी पटका

आरोपी ने पास में पड़ा पत्थर उठाकर पत्नी पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देने लगा। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे खून निकलने लगा। इसके अलावा उसके बाएं हाथ में भी चोट आई है। मां को बचाने के लिए बेटा रवि बीच में आया तो आरोपी ने उसे धक्का देकर जमीन पर पटक दिया। गिरने से बेटे के सिर के पीछे भी चोट आई है। घटना के बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

बाइकों में भिड़ंत से दो युवकों की मौके पर हुई मौत

कोरबा। दो बाइको में जोरदार भिड़ंत होने से दो युवको की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगो की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को मरच्यूरी भेज दिया गया।

घटना थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम दुरपा का है। इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम हरेठी थाना हसौद निवासी मनोज कुमार केंवट उम्र 35 वर्ष पिता लक्ष्मण प्रसाद केंवट अपने एक बाइक में तथा पियूश टार्जन उम्र 26 वर्ष पिता स्व. कृष्ण कुमार टार्जन निवासी नक्टीडीह थाना बिर्रा किसी काम से शुक्रवार 27 फरवरी को शिवरीनारायण क्षेत्र आये थे। इस दौरान दोनो वाहन सवार अपनी अपनी अलग बाइक में सवार होकर कही जा रहे थे। इस दौरान दुरपा मोड़ के पास दोनो बाइक चालको का आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। जिससे बाइक में सवार मनोज एवं पियूश की मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना शिवरीनारायण थाना में दिया। जिस पर पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। दो बाइक में भिड़ंत होने से दो किशोर भी आहत हैं। फिलहाल इन्हे नजदीकी के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है। दो वाहनो में दो-दो लोग सवार थे। पुलिस ने इसकी सूचना मृतको के परिजनों को दे दी गई है।

स्वच्छ और हरित विद्यालय रेटिंग में मुंगेली जिले का शानदार प्रदर्शन

मुंगेली। शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जिले ने एक नई पहचान बनाई है। भारत सरकार के शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा आयोजित स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26 के अंतर्गत मुंगेली जिले के विद्यालयों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है।

यह उपलब्धि न केवल शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता को दर्शाती है, बल्कि विद्यार्थियों में स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता के सफल प्रयासों का प्रमाण भी है। जिले के लगभग 1100 विद्यालयों ने इस प्रतिष्ठित रेटिंग प्रक्रिया में भाग लिया, जिनमें से 911 विद्यालयों ने स्व-मूल्यांकन पूर्ण किया। इस प्रक्रिया में विद्यालयों का मूल्यांकन 60 बिंदुओं पर किया गया, जिसमें स्वच्छ पेयजल, शौचालय व्यवस्था, हाथ धोने की सुविधा, संचालन एवं रखरखाव, व्यवहार परिवर्तन तथा ‘मिशन लाइफ’ गतिविधियाँ प्रमुख रही हैं। इन सभी मानकों पर विद्यालयों को 01 से 05 स्टार तक रेटिंग प्रदान की गई।

विशेष रूप से 692 विद्यालयों ने तीन, चार और पांच स्टार रेटिंग प्राप्त कर जिले की छवि को सुदृढ़ किया। इनमें से 119 विद्यालयों को जिला स्तर पर चार एवं पांच स्टार श्रेणी में चयनित किया गया, जिनका भौतिक सत्यापन विशेषज्ञ टीम द्वारा किया गया। सत्यापन के उपरांत 80 विद्यालयों को पात्र घोषित किया गया, जिनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 08 विद्यालयों का चयन राज्य स्तर पर नामांकन हेतु किया गया।

जिले के ये 08 विद्यालय ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों से हैं। इनमें शासकीय विद्यालयों के साथ नवोदय विद्यालय भी शामिल है, जो यह दर्शाता है कि संसाधनों के समुचित उपयोग और समर्पित प्रयासों से हर स्तर पर उत्कृष्टता प्राप्त की जा सकती है। इन विद्यालयों ने स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक आदत के रूप में अपनाया है। छात्र-छात्राओं में नियमित हाथ धोने की आदत, स्वच्छ परिसर, हरित वातावरण और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

पिता की हत्या करने वाले पुत्र को पुलिस ने किया गिरफ्तार

सक्ती। पिता की हत्या करने वाले पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। 26 मार्च को थाना डभरा में सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम रामभांठा में एक पुत्र द्वारा अपने ही पिता पर प्राणघातक हमला कर फरार हो गया है। सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच प्रारंभ की।

जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी सुमित कुमार महिलांगे (उम्र 35 वर्ष) ने बिजली कनेक्शन को लेकर हुए विवाद में अपने पिता मनबोध महिलांगे पर लोहे के पाइप से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनके सिर, चेहरे एवं आंख पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

प्रारंभिक जांच में यह भी ज्ञात हुआ कि आरोपी की विगत कुछ वर्षों से मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिसकी पुष्टि के लिए संबंधित तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना डभरा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया गया।

घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप आरोपी के कब्जे से विधिवत जप्त किया गया। घटनास्थल का एफएसएल टीम द्वारा निरीक्षण, मर्ग पंचनामा, गवाहों के बयान एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

सक्ती में लगेगा प्लेसमेंट कैंप, सैकड़ों पदों पर होगी भर्ती

सक्ती। प्लेसमेंट कैंप आयोजन के संबंध में जिला पंचायत सक्ती से जारी निर्देशानुसार, एसआईएस इंडिया कंपनी लिमिटेड अनूपपुर एवं एसआईएस लिमिटेड रायगढ़ ब्रांच द्वारा जिला सक्ती अंतर्गत बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान करने की दृष्टि से जनपद, नगर पालिका एवं नगर पंचायत स्तर पर प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ना है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एसआईएस लिमिटेड रायगढ़ ब्रांच द्वारा जनपद पंचायत डभरा में 1 अप्रैल को, जनपद पंचायत जैजैपुर में 2 अप्रैल को, जनपद पंचायत मालखरौदा और जनपद पंचायत सक्ती में 3 अप्रैल को प्लेसमेंट कैंप आयोजित किए जाएंगे। वहीं एसआईएस इंडिया लिमिटेड अनूपपुर द्वारा जनपद पंचायत मालखरौदा में 21 अप्रैल को, जनपद पंचायत जैजैपुर में 22 अप्रैल को, जनपद पंचायत डभरा में 23 अप्रैल को तथा जनपद पंचायत सक्ती में 24 अप्रैल को प्लेसमेंट कैंप लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शासकीय आईटीआई मालखरौदा में 25 अप्रैल, शासकीय आईटीआई जैजैपुर में 27 अप्रैल तथा शासकीय आईटीआई डभरा में 28 अप्रैल को भी प्लेसमेंट कैंप का आयोजन निर्धारित किया गया है।

जल संकट से निपटने के लिए सक्ती को घोषित किया ‘जल अभाव क्षेत्र’

सक्ती। आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने छत्तीसगढ़ पेयजल परिरक्षण अधिनियम 1986 (क्रमांक-3) 1987 की धारा-03 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए संपूर्ण सक्ती जिले को 01 अप्रैल से 15 जुलाई तक जल अभाव ग्रस्त क्षेत्र घोषित किया है।

जारी आदेश के अनुसार, उक्त अधिनियम की धारा 06 के तहत निर्धारित अवधि में सक्षम अधिकारी की पूर्वानुमति के बिना कोई भी नया नलकूप पेयजल अथवा पेयजल के अलावा किसी अन्य प्रयोजन के लिए नहीं खोदा जा सकेगा। हालांकि एजेंसी जैसे लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को संपूर्ण जिले में तथा नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों को केवल पेयजल हेतु अपने निकाय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में नलकूप खनन के लिए अनुमति की आवश्यकता नहीं होगी, लेकिन उन्हें इस अवधि में खनन कराए गए नलकूपों की जानकारी प्राधिकृत अधिकारी को भेजनी होगी।

जन सुविधा को ध्यान में रखते हुए नलकूप खनन हेतु अनुमति प्रदान करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सक्ती, डभरा एवं मालखरौदा को उनके संबंधित राजस्व अनुभाग के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों के लिए प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया है।

इच्छुक आवेदक संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के कार्यालय में मात्र 2 रुपये शुल्क जमा कर कार्यालयीन समय में आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं, और आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन प्राप्त होने के 10 दिनों के भीतर जांच कर उपयुक्त पाए जाने पर सक्षम कार्यालय से अनुमति प्रदान की जाएगी। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी व्यक्ति या एजेंसी द्वारा अधिनियम का उल्लंघन करते हुए नलकूप खनन किया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

डकैती मामले में फरार दो आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण क्षेत्र में हुई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राहौद निवासी सुदीप कुमार ने 19 मार्च को घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह लगभग 7:55 बजे वे अपने मकान का दरवाजा खोलकर अंदर गए थे। इसी दौरान करीब 8:00 बजे चार अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर के अंदर रखे दो एप्पल मोबाइल और एक सैमसंग कीपैड मोबाइल सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। जब पीड़ित इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें और उनकी पत्नी को जमीन पर पटक कर हाथ, मुक्के और लात-घूंसे से मारपीट की।

शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिससे तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। मोहल्ले के लोगों की मदद से आरोपी प्रियेश कुमार बर्मन को पकड़ लिया गया था। उसे पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। इसके बाद फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रवि निर्मलकर उर्फ बिल्लू (22) और श्यामजी सिन्हा उर्फ बुटी (24) दोनों निवासी अकलतरा, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।