CG Morning News : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर, सूरजपुर और बिलासपुर के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से सुबह 11 बजे “मन की बात” सुनेंगे। इसके बाद वे 12:50 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से सूरजपुर के लिए रवाना होंगे। सूरजपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री भारत माता कर्मा चौक में भक्त माता कर्मा की पूजा-अर्चना और माल्यार्पण करेंगे। वे “भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव 2026” कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 5:30 बजे बिलासपुर के लिए रवाना होंगे। बिलासपुर के इंदिरा सेतु कूदूदण्ड में वे अटल परिसर एवं विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन करेंगे। शाम 7:40 बजे मुख्यमंत्री बिलासपुर के राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में आयोजित स्व. लखीराम अग्रवाल टी-20 ड्यूज बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पहुंचकर “नाइट लैंडिंग एवं डिपार्चर शुभारंभ” कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद रात 9:45 बजे मुख्यमंत्री बिलासपुर से रायपुर के लिए रवाना होंगे और रायपुर पहुंचेंगे।

लैब अटेंडेंट भर्ती काउंसलिंग का शेड्यूल जारी
रायपुर। लैब अटेंडेंट भर्ती की काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। काउंसलिंग प्रक्रिया 1 और 2 अप्रैल को होगी। यह प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। काउंसलिंग का आयोजन नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन के ब्लॉक-3 में किया जाएगा। काउंसलिंग के लिए कुल 430 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। यह प्रक्रिया मेरिट लिस्ट के आधार पर होगी। काउंसलिंग दो दिनों में चार शिफ्टों में होगी। अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के अनुसार पोस्टिंग चुनने का अवसर भी मिलेगा।
सामान्य सभा से पहले कांग्रेस पार्षद दल की हुई बैठक
रायपुर। रायपुर नगर निगम की सोमवार को होने वाली सामान्य सभा को लेकर शनिवार को कांग्रेस पार्षद दल की बैठक हुई। इसमें नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कांग्रेस पार्षदों के साथ अनेक मुद्दों पर रणनीति बनाई। उन्होंने सभी को सदन में अपनी बातों को प्रमुखता से रखने को कहा। इसके साथ ही पार्षदों को बताया कि सामान्य सभा में अपनी बातों को कैसे रखना है। बैठक में उप नेता प्रतिपक्ष जयश्री सत्यनारायण नायक, अर्जुमन ढेबर, रेणु जयंत साहू, शेख मुशीर, दीपमनीराम साहू, रोनिता प्रकाश जगत उपस्थित थे।
आशीर्वाद भवन में सामूहिक उपनयन संस्कार आज
रायपुर। शनिवार को कान्यकुब्ज सभा-शिक्षा मंडल की बैठक हुई। 29 मार्च (रविवार) को बैरन बाजार स्थित आशीर्वाद भवन में सर्व ब्राह्मण समाज के बटुकों के लिए आयोजित सामूहिक उपनयन संस्कार’ को लेकर चर्चा की गई। समाज के अध्यक्ष सुरेश मिश्रा व सचिव राज कुमार दीक्षित ने बताया कि यह संस्कार आचार्यों के मार्गदर्शन में पूर्ण वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए शशिकांत मिश्रा को संयोजक नियुक्त किया गया है। बैठक में संरक्षक द्वय गिरजाशंकर दीक्षित, राजकुमार अवस्थी, सह-संयोजक प्रमोद कुमार मिश्रा, अनुराग पाण्डेय, प्रकाश अवस्थी, अशोक दीक्षित, आशीष बाजपेयी, लखन लाल बाजपेयी, गीता मिश्रा, अर्चना मिश्रा, अंजू पाण्डेय, स्वाति अवस्थी व रंजू त्रिवेदी आदि मौजूद थे।
ग्रीष्मकालीन धार्मिक शिविर का समापन व सुधर्म भवन का शिलान्यास
रायपुर। श्री सुधर्म स्थानकवासी जैन श्री संघ द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन धार्मिक शिविर का समापन एवं प्रस्तावित सुधर्म भवन का शिलान्यास कार्यक्रम 29 मार्च को सुबह 9 बजे से सुधर्म जैन विहार भैरव सोसायटी में आयोजित है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रेमचंद श्रीश्रीमाल एवं विशेष अतिथि मोतीलाल कांकरिया व पारसमल बोथरा होंगे। यह जानकारी देते हुए अजय जैन ने बताया कि धार्मिक शिविर का संचालन विगत 41 सालों से किया जा रहा है। शिविर में अध्यापन खीचन गुरुकुल के सुश्रावक विद्यासागर एवं उनकी टीम जोधपुर द्वारा करवाया गया।
भाजपा का 6 अप्रैल को 47वां स्थापना दिवस, प्रदेशभर में होंगे कार्यक्रम
रायपुर। भाजपा 6 अप्रैल को अपना 47वां स्थापना दिवस मनाएगी। देशभर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में भी इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के संचालन के लिए प्रदेश स्तरीय समिति का गठन किया गया है। यशवंत जैन को इस समिति का संयोजक बनाया गया है। वहीं समिति में रंजना साहू, जी वेंकटराव और शिवनाथ यादव शामिल किए गए हैं। इसके अलावा ऋतु चौरसिया और कमल गर्ग भी समिति के सदस्य होंगे। 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक कार्यक्रमों का पखवाड़ा चलेगा। इस दौरान बूथ, मंडल और जिला स्तर पर विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। समिति द्वारा पूरे कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी और गरिमामय आयोजन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी इसी समिति पर होगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

