बिलासपुर। टिकरापारा डीपी कालेज के पास गुरुवार रात हनुमान जयंती की रैली में दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। पुरानी रंजिश के चलते हुए पत्थरबाजी से लेकर लाठी, डंडे और बेल्ट भी जमकर चले। मारपीट और पथराव में महिला समेत दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष ने सात नामजद आरोपितों पर बलवा का केस कराया है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी मारपीट और जान से मारने की धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही हैं।

सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार, रविन्द्र नाथ टागौर चौक से मोहल्ले के लोग गुरुवार रात 9.30 बजे रैली निकाल रहे थे। जयकारों के बीच निकल रही रैली में अचानक से पत्थराव होना शुरू हो गया। वहीं कुछ युवक हाथ में लाठी डंडा व बेल्ट लेकर रैली पर हमला कर दिया। हमले में टिकरापारा निवासी वेदमति गोस्वामी की शिकायत पर अमन खटीक, सुमीत, रितीक, आयुष, अभी, चुन्नी और चंदन खटीक के विरुद्ध बलवा का मामला दर्ज किया गया है। वेदमति का आरोप है कि रात 9.30 बजे रैली जब डीपी कालेज के पास मुर्गा दुकान के सामने पहुंची, तब आरोपितों ने एक राय होकर ईंट-पत्थर और लाठी से हमला कर दिया। हमले में वेदमति के सिर पर गंभीर चोट आई है, वहीं अंकुश यादव, कुणाल रजक और अजय साहू भी लहुलूहान हो गए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से सुजल खटीक ने भी अंकुश यादव, राहुल गोस्वामी, आदर्श और अजय के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सुजल का आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण अंकुश और उसके साथियों ने बस स्टैंड के पास उसे और उसकी दादी पप्पू खटीक को घेरकर डंडे और नुकीली चीज से हमला किया। मारपीट में सुजल के सिर, पैर और पीठ पर चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का मुलाहिजा कराया है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

