बिलासपुर। मस्तूरी में सेवा सहकारी समिति गतौरा में सरकारी धान की 28.51 लाख रुपए की हेराफेरी का मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ कि अध्यक्ष और प्रबंधक समेत तीन लोगों ने कागजों में धान खरीदा दिखाया, लेकिन भौतिक सत्यापन में 919.96 क्विंटल धान गायब पाया गया। मामले में विभाग द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

यह भी पढ़ें : CG Morning News : विदेश मंत्री IIM के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल, बंगाल दौरे पर रहेंगे सीएम साय, बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट, रायपुर रेल सेक्शन में 10 ट्रेनें रद्द, आज और कल अग्रवाल समाज का परिचय सम्मेलन, बस्तर में हर नागरिक की होगी मुफ्त स्वास्थ्य जांच…समेत पढ़ें अन्य खबर

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की धान खरीदी में गतौरा से गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही थीं। जब संयुक्त जांच दल ने केंद्र का भौतिक सत्यापन किया, तो स्टॉक रजिस्टर और गोदाम में रखे धान में अंतर मिला। मौके पर कुल 919.96 क्विंटल धान कम पाया गया, जो शासन के निर्देशों का खुला उल्लंघन है।

पुलिस जांच में पाया गया कि सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक कोमल चंद्राकर, प्राधिकृत अध्यक्ष राजेंद्र राठौर और कंप्यूटर ऑपरेटर हुलेश्वर धीरही ने आपस में मिलीभगत से धान का गबन किया। तीनों ने सरकारी रिकॉर्ड में हेराफेरी कर धान की बंदरबांट की, जिससे शासन को 28.51 लाख रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ।

पूछताछ में दो अन्य नाम भी सामने आए

पकड़े गए तीनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर 3 अप्रैल को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा। उनके बयान के आधार पर धान खरीदी प्रभारी लव कुमार यादव और एक अन्य व्यक्ति की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है। पुलिस दोनों के संलिप्त होने और लेन-देन का सुराग तलाश रही है।

शोभा यात्रा के दौरान करतब दिखाना पड़ा महंगा

कोरबा। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर निकाली गई शोभा यात्रा के दौरान कला का प्रदर्शन करना कलाकारों के लिए महंगा साबित हुआ। मुंह में ज्वलनशील पदार्थ को भरकर फूंक मारने से उठी आग के गोले ने एक महिला कलाकार को चपेट में ले लिया। किसी तरह साथी कलाकारों ने महिला को तो बचा लिया, लेकिन वे खुद भी झुलस गए। उन्हें आनन फानन इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां से कलाकारों को सघन उपचार के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि रजगामार क्षेत्र में एक संगठन द्वारा प्रतिवर्ष हनुमान जन्मोत्सव का कार्यक्रम आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी गुरूवार को हनुमान जन्मोत्सव पर कार्यक्रम आयोहित था। इसके लिए दुर्ग से कलाकार बुलाए गए थे। दोपहर तक पूजा अर्चना व भोग भंडारे का दौर चलता रहा। इसके बाद क्षेत्र में शोभायात्रा निकाली गई। जिसे देखने कालोनीवासियों के अलावा ग्रामीण क्षेत्र से लोग भारी संख्या में पहुंचे हुए थे, जो शोभायात्रा के दौरान विभिन्न रूपों में अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे थे।

इसी दौरान एक कलाकार ने मुंह में ज्वलनशील पदार्थ भरकर फूंक मारते हुए आग का गोला बनाना शुरू कर दिया। उसकी फूंक से निकले आग के गोले ने एक महिला कलाकार को अपनी चपेट में ले लिया। वह आग बुझाने इधर उधर भागने लगी। वहीं दो कलाकार भी आग को बुझाने का प्रयास करने लगे। समिति के सदस्य व ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग को तो बुझा लिया गया, लेकिन महिला और साथी कलाकार झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए आनन फानन मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां से कलाकारों को सघन उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

सारनाथ, अहमदाबाद एक्सप्रेस सहित 22 ट्रेनें अपने समय पर चलेंगी

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे एवं यहां से होकर गुजरने वाली सारनाथ, अहमदाबाद, ओखा सहित 22 ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर चलेंगी। इन ट्रेनों में टिटलागढ़- बिलासपुर– बिलासपुर, विशाखापटनम-रायपुर–विशाखापटनम पैसेजर, रायपुर-जूनागढ़ रोड–रायपुर पैसेजर, सूरत-मालदा एक्सप्रेस, पूरी- सूरत एक्सप्रेस, मालदा – सूरत एक्सप्रेस, ओखा- बिलासपुर एक्सप्रेस, गांधीधाम-पूरी एक्सप्रेस, ओखा शालीमार एक्सप्रेस, पोरबंदर – संतरागाछी कविगुरु एक्सप्रेस, अहमदाबाद–पूरी एक्सप्रेस, अहमदाबाद–पूरी एक्सप्रेस, शालीमार–पोरबंदर एक्सप्रेस, पूरी–गांधीधाम एक्सप्रेस, दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस, दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस, छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस शामिल हैं जो अपने निर्धारित समयानुसार ही चलेंगी।

नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोपी को 20 साल की सजा

बिलासपुर। नाबालिग को उत्तर-प्रदेश भगाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। जिला न्यायालय में इस मामले की सुनवाई प्रथम एफटीएससी कोर्ट में हुई जहां आरोपी को 20 साल कठोर कारावास एवं 2000 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई गई है।

उक्त मामला दो साल पहले कोटा थानाक्षेत्र का है। इस मामले में पीड़िता की ओर से विशेष लोक अभियोजन मनीषा नंदी ने मामले की पैरवी की। जानकारी के अनुसार पीड़िता के पिता ने 9 नवंबर 2024 को थाना तखतपुर में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसकी नाबालिग पुत्री 8 नवंबर 2024 को सुबह 11 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई है। उसने उसके अपहरण की आशंका व्यक्त की। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।

परिजन की आंशका पर पुलिस उत्तर प्रदेश पहुंची जहां एक ईंट भट्ठा में कोटा थानाक्षेत्र अंतर्गत मोहनभाठा निवासी जय कुमार लहरे उर्फ कलुवा पिता गुहाराम लहरे 30 वर्ष के कब्जे से नाबालिग को बरामद किया गया। पीड़िता ने पुलिस के समक्ष बयान दिया कि आरोपी युवक उसे बहलाफुसलाकर अपने साथ ले आया है और उसके साथ बलात्कार करता रहा।

पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। जिला न्यायालय में इस मामले की सुनवाई हुई जहां आरोपी जय कुमार लहरे उर्फ कलुवा को पाक्सो एक्ट के तहत 20 साल कठोर कारावास एवं 2000 रूपए अर्थदंड की सजा सुनाई गई।

दोपहर 2 से रात 9 बजे के बीच 7 बार बिजली गुल

बिलासपुर। शुक्रवार को शहर में बार-बार बिजली गुल होने से लोग दिनभर परेशान रहे। अलग-अलग इलाकों में ट्रिपिंग और तकनीकी खराबी के कारण सप्लाई बाधित होती रही। दयालबंद और गांधी चौक में दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक करीब सात बार बिजली गई-आई, जिससे दुकानदारों और घरों में लोगों को काफी दिक्कत हुई।

मंगला सब स्टेशन में केबल जलने से मंगला, दीनदयाल कॉलोनी और अभिषेक विहार में करीब दो घंटे तक बिजली बंद रही। वहीं बिजौर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने से करीब सात घंटे तक सप्लाई ठप रही। भीषण गर्मी के बीच बिजली की इस आंख-मिचौली से लोग बेहाल नजर आए।

ब्रेक फेल मेटाडोर बुलेट को रौंदते नाले में घुसा

बिलासपुर। सिरगिट्टी हेमू नगर ब्रिज के नीचे शुक्रवार शाम मजदूरों से भरे मेटाडोर का ब्रेक फेल हो गया। ढलान पर रफ्तार बढ़ने के बाद गाड़ी को नियंत्रित करने के लिए ड्राइवर ने सामने से आ रही बुलेट पर वाहन चढ़ा दिया। हादसे में मेटाडोर बाइक को रौंदते हुए सीधे नाले में जा फंसा। हादसे में किसी तरह सवार लोग बाल-बाल बच गए।

इस घटना में बुलेट सवार को चोट आई है, जबकि उसकी मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं मेटाडोर में सवार महिला श्रमिकों को भी हल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मेटाडोर चालक को थाने ले गई। पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।

ठकुरीकापा में 7.2 लीटर अवैध देशी शराब बरामद

मुंगेली। आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम ठकुरीकापा स्थित मोहन कोसले के मकान पर पहुंचकर मदिरा खरीदी की पुष्टि के पश्चात उसके मकान की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान 7.2 बल्क लीटर देशी शराब बरामद की गई। मामला छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख), 34(2) एवं 59(क) के अंतर्गत गैर-जमानतीय अपराध पाए जाने पर मौके पर ही आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। तत्पश्चात आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एनएच पर रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रेलर ने कार को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 4 घायल

बिलासपुर। नेशनल हाईवे-49 पर बीती रात मस्तूरी खुडूभाठा के पास गलत दिशा से आ रहे ट्रेलर ने कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मस्तूरी के हार्डवेयर व्यवसायी रविन्द्र कुमार पाण्डेय का परिवार गुरुवार को एक घरेलू कार्यक्रम में शामिल होने रायगढ़ गया था। रात करीब 11.45 बजे परिवार अपनी कार क्रमांक सीजी 10 बीडब्ल्यू 5052 से रायगढ़ से बिल्हा की ओर लौट रहा था। जैसे ही उनकी गाड़ी खुडूभाठा के पास पहुंची, सामने से आ रहे ट्रेलर क्रमांक सीजी 04 पीबी 8617 के चालक ने तेज गति और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए कार को अपनी चपेट में ले लिया। मामले में रविन्द्र कुमार पाण्डेय की शिकायत पर मस्तूरी पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब ट्रेलर नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है।

मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि ट्रेलर चालक गलत दिशा से आ रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोगों को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।