लखनऊ. सपा के कार्यक्रम में भारतीय जवान की पिटाई करने को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा पर करारा हमला बोला है. पंकज चौधरी ने कहा, प्रधानमंत्री जी के प्रति घृणा, सपाइयों की बीमारी बन गई है. सेना के जवान को भी नहीं बख्शा. बाराबंकी में सपाइयों द्वारा भारतीय सेना के जवान के साथ की गई मारपीट अत्यंत शर्मनाक और अक्षम्य अपराध है. प्रधानमंत्री के प्रति विद्वेष की भावना अब इस कदर बढ़ गई है कि ये लोग सेना के जवानों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- शर्म आनी चाहिए योगी सरकार को! जिला अस्पताल के बाहर तड़पती रही गर्भवती, भर्ती करने के बदले मांगे 50 हजार, यही है ‘बाबा’ की विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा?

आगे पंकज चौधरी ने कहा, सपा विधायक के कार्यक्रम के दौरान जब देश के प्रधानमंत्री के विरुद्ध अभद्र और अमर्यादित टिप्पणियां की जा रही थीं, तब वहां मौजूद सेना के एक जांबाज जवान ने राष्ट्र के सम्मान में आवाज उठाई. लेकिन देशप्रेम की उस आवाज को सुनने के बजाय, वहां मौजूद अराजक तत्वों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. यह घटना दर्शाती है कि इन लोगों के मन में न तो देश के संवैधानिक पदों के प्रति सम्मान बचा है और न ही सरहदों की रक्षा करने वाले वीरों के प्रति.

इसे भी पढ़ें- योगी जी बच्चों का भविष्य है, खिलौना नहीं! UP में शत-प्रतिशत पुस्तक वितरण का दावा झूठा, कई स्कूलों में अब तक नहीं मिली किताबें, इसे सुशासन कहें या ‘कुशासन’?

आगे उन्होंने कहा, अगर ये लोग वर्दी में तैनात एक सैनिक के साथ सरेआम ऐसी बदसलूकी कर सकते हैं तो कल्पना की जा सकती है कि आम नागरिक इनके बीच कितने असुरक्षित होंगे. अहंकार में डूबे इन तत्वों को यह नहीं भूलना चाहिए कि जनता की स्मृति बहुत गहरी होती है. राष्ट्र के सम्मान और सेना के स्वाभिमान के साथ किया गया यह खिलवाड़ भारी पड़ेगा. 2027 के चुनाव में जनता अपने मत की शक्ति से ऐसी नकारात्मक और हिंसक राजनीति का पूर्ण उपचार करेगी और देश का अपमान करने वालों को उनकी सही जगह दिखाएगी.