Sports Desk: Gurjapneet Singh IPL Debut Wicket: IPL 2026 के 18वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को दोहरी खुशी मिली. पहली खुशी इस सीजन की पहली जीत थी, जो लगातार तीन हार के बाद नसीब हुई. दूसरी खुशी एक नए तेज गेंदबाज की एंट्री है, जिसने करियर की पहली ही बॉल पर विकेट लेकर कमाल कर दिया है.

Gurjapneet Singh IPL Debut Wicket: IPL का पहला सीजन 2008 में खेला गया था. तब से लेकर अब तक 18 सीजन हो चुके हैं. IPL 2026 इस लीग का 19वां सीजन है. इतने सालों में कई गेंदबाजों ने इस लीग में हिस्सा लिया. कुछ का डेब्यू अच्छा रहा और कुछ का बेहद खराब. 11 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के लिए डेब्यू करने वाले 6 फुट 3 इंच लंबे कद के भारतीय पेसर गुरजपनीत सिंह ने पहली ही गेंद पर विकेट लेकर कमाल कर दिया. वो उन 16 गेंदबाजों के खास क्लब में एंट्री कर गए, जिन्होंने पहली ही बॉल पर विकेट निकाला था. इस लिस्ट में इशांत शर्मा, अल्जारी जोसेफ और मथीशा पथिराना जैसे बॉलर्स के नाम हैं.

गुरजपनीत सिंह के लिए 11 अप्रैल 2026 का दिन बेहद खास है. इस दिन उनका IPL में डेब्यू हुआ. डेब्यू भी हुआ 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए. उन्होंने पहली ही बॉल पर दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल को कैच आउट कराया. अपने 4 ओवरों में उन्होंने कुल 39 रन दिए और 1 विकेट निकाला. उन्होंने कसी हुई बॉलिंग की, लेकिन खाते में सिर्फ एक विकेट आया.

चेन्नई ने दिए हैं 2.2 करोड़

ये वही खिलाड़ी हैं, जिन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2025 के लिए 2.2 करोड़ रुपए में खरीदा था, लेकिन चोट के कारण वह उस सीजन खेल नहीं सके. IPL 2026 के लिए CSK ने इस गेंदबाज को रिटेन किया था.

कौन हैं गुरजपनीत सिंह और कैसा रहा उनका क्रिकेटिंग करियर?

गुरजपनीत सिंह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं. वो पंजाब के लुधियाना से आते हैं. फर्स्ट क्लास करियर के 9 मैचों में 22.06 की औसत के साथ 33 विकेट निकाले हैं, जबकि 9 लिस्ट-ए मैचों में 17 शिकार किए. T20 के 16 मैचों में कुल 22 बल्लेबाजों को आउट किया.

IPL करियर की पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाले गेंदबाज

ईशांत शर्मा (IPL 2008)

विल्किन मोटा (IPL 2008)

एस. विद्युत (IPL 2008)

रवि तेजा (IPL 2008)

शेन हारवुड (IPL 2009)

अमित सिंह (IPL 2009)

चार्ल लैंगवेल्ट (IPL 2009)

केविन पीटरसन (IPL 2009)

अली मुर्तजा (IPL 2010)

टीपी सुधींद्र (IPL 2012)

एडम गिलक्रिस्ट (IPL 2013)

हनुमा विहारी (IPL 2013)

अल्जारी जोसेफ (IPL 2019)

डेवाल्ड ब्रेविस (IPL 2022)

मथीशा पथिराना (IPL 2022)

अश्विनी कुमार (IPL 2025)

गुरजपनीत सिंह (IPL 2026)

मैच का लेखा-जोखा

अगर मैच की बात करें तो चेन्नई की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 212 रन लगाए थे, जिसका पीछा करते हुए दिल्ली 20 ओवरों में 189 तक पहुंच सकी और 23 रनों से मैच हार गई. चेन्नई के लिए संजू सैमसन ने नाबाद 115 रनों की शतकीय पारी खेली. जीत के हीरो संजू सैमसन ही रहे, जिन्होंने अपनी पारी में 15 चौके और 4 छक्के लगाए.