कानपुर में सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही 10 सड़कों में जोन-6 की पहली सड़क दशहरे से पहले तैयार होने की उम्मीद है. कई अन्य सड़कों का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है.

कानपुर. शहर में सीएम ग्रिड योजना के तहत निर्माणाधीन 10 सड़कों में से पहली सड़क दशहरे से पहले तैयार हो जाएगी. जोन-6 में बगिया क्रॉसिंग कल्याणपुर से केसा कार्यालय तक बनाई जा रही इस सड़क का ज्यादातर काम पूरा हो चुका है.

सड़क के किनारे फुटपाथ और बीच में ग्रीन बेल्ट बनाने समेत अन्य कार्य भी कराए जा चुके हैं. नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने भी दशहरे से पहले इस सड़क के तैयार होने की पुष्टि की है.

कई सड़कों का काम जारी

सीएम ग्रिड योजना के तहत कानपुर के सभी छह जोन में कुल 10 सड़कें बनाई जानी हैं. इनमें कई सड़कों का 50 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है और इस साल के अंत तक कई सड़कें तैयार होने की बात कही गई है.

नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि योजना के तहत जिन स्थानों पर सड़कें बनाई जा रही हैं, वहां किसी तरह का अवरोध नहीं रहेगा. सड़कों के बीच और दोनों ओर खाली स्थानों पर हरियाली विकसित की जाएगी.

उन्होंने बताया कि सड़क पर वाहन चलाते समय खंभे, हैंडपंप या अन्य ऐसी बाधाएं नहीं होंगी, जिनसे हादसे का खतरा हो. राहगीरों के लिए एक ओर से आवागमन और दूसरी ओर से अपने गंतव्य तक जाने की व्यवस्था रहेगी.

इन स्थानों पर सड़कें

सीएम ग्रिड योजना के तहत कानपुर में जिन स्थानों पर सड़कें बन रही हैं, उनमें बगिया क्रॉसिंग से केसा कार्यालय तक की सड़क शामिल है. इसके अलावा घंटाघर चौराहा से परेड चौराहा होते हुए ग्रीनपार्क तक सड़क का निर्माण होना है.

बर्रा बाईपास कर्रही रोड से रामबाग तिराहा होते हुए हमीरपुर मुख्य मार्ग तक भी सड़क बनाई जा रही है. जोन-2 में एनएच-19 से राजाराम चौराहा होते हुए नमक फैक्ट्री चौराहा के सामने से हमीरपुर रोड तक सड़क का निर्माण किया जा रहा है.

जोन-3 में बाबा कुटी चौराहा से सोटे वाला बाबा होते हुए अलंकार गेस्ट हाउस तक सड़क बनाई जा रही है. जोन-2 में लाल बंग्ला रोड से वीआईपी रोड तक तथा पैसिफिक लॉन होते हुए जेके फर्स्ट चौराहा तक भी काम कराया जा रहा है.

स्वरूप नगर मटका तिराहा से कमिश्नर आवास चौराहा होते हुए कंपनी बाग चौराहा तक समेकित विकास कार्य कराया जा रहा है. दीप सिनेमा तिराहा से सोटे वाला बाबा मंदिर वाया एच ब्लॉक तक भी समेकित विकास कार्य किया जा रहा है.

इसके अलावा नौबस्ता बंबा से कर्रही रोड तक और गुरुदेव सिनेमा चौराहा से चिड़ियाघर चौराहा तक भी सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़कें बनाई जा रही हैं.