Rajasthan News: राजस्थान के बाड़मेर जिले के सेड़वा इलाके में चल रहे एक गुरुकुल से चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां पढ़ने वाले 11 साल के बच्चे को गुरुकुल चलाने वाले बाबा नारायण गिरि ने गर्म लोहे की रॉड से जांघ पर दाग दिया. वजह यह बताई जा रही है कि बच्चा नींद में पेशाब कर देता था. घटना 17 अगस्त की है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है.

बच्चा भागकर बाहर पहुंचा, लोगों को बताया दर्दनाक किस्सा
पीड़ित के पिता ने बताया कि उनका बेटा गुरुकुल में रहकर पढ़ाई करता था. नींद में पेशाब करने की आदत के कारण बाबा ने उसे यातना दी. बच्चा वहां से किसी तरह भाग निकला और पास में रेहड़ी लगाने वाले शख्स को पूरी घटना बताई. इसके बाद ग्रामीणों ने उसे घर पहुंचाया.
गांव में हंगामा, अन्य बच्चों ने भी खोली पोल
बच्चे के परिजन जब गुरुकुल पहुंचे तो वहां पढ़ रहे अन्य बच्चों ने भी बताया कि उन्हें आए दिन मारपीट और यातनाएं झेलनी पड़ती हैं. परिजनों ने इन बच्चों के बयान का वीडियो बना लिया और वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आते ही गांव में आक्रोश फैल गया और लोग गुरुकुल के गेट पर जमा होकर विरोध करने लगे.
कई बार की गई है शिकायतें
जानकारी के मुताबिक, हरपालिया गांव के हरपालेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट ने साल 2022 में गुरुकुल शुरू किया था. इसमें गरीब और अनाथ बच्चे रहकर पढ़ाई करते हैं. बाबा नारायण गिरि, जो मूल रूप से भरतपुर का रहने वाला है, वहीं बच्चों को पढ़ाता था. स्थानीय लोगों का कहना है कि वह पहले भी कई बार बच्चों को अमानवीय सज़ाएं दे चुका है, लेकिन शिकायतों को कभी गंभीरता से नहीं लिया गया.
चौहटन डिप्टी जीवनलाल ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी बाबा को हिरासत में लिया. अभी तक लिखित रिपोर्ट नहीं आई है, रिपोर्ट मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पढ़ें ये खबरें
- साइकिल से भारत यात्रा पर निकली आशा मालवीय: धार के पीथमपुर में हुआ स्वागत, 7500 KM का करेगी सफर
- वृंदावन के नवनिर्मित होटल में लगी आग, बच्ची सहित महिला घायल, क्रेन से निकाले फंसे लोग
- आदिवासी फैक्ट्री कर्मी की हत्या : पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, फैक्ट्री प्रबंधन के रवैये पर कांग्रेस ने जाहिर की नाराजगी, पीसीसी चीफ बैज ने मृतक के परिजनों से की चर्चा
- हत्या या फिर… गंगा किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, छानबीन में जुटी पुलिस
- ‘जो करना है कर लो’, बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष के पेट्रोल पंप पर गुंडागर्दी; कर्मचारी को थप्पड़ मारकर दी जान से मारने की धमकी

